आगरालीक्स…आगरा में बन रहे दो उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का निरीक्षण करने पहुंची सीडीओ. कार्य में देरी पर अवर अभियंता को नोटिस और ठेकेदार पर जुर्माना लगाने के आदेश
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शनिवार को विकास खण्ड अकोला की ग्राम पंचायत जारूआ कटरा एवं विकास खण्ड सैंया की ग्राम पंचायत सिकन्दरपुर में निर्माणाधीन 02 उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अकोला की ग्राम पंचायत जारूआ कटरा में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निर्माण में पाई गई आंशिक कमियों को कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग को नोट कराते हुए तत्काल ठीक कराकर अवगत कराने निर्देश दिए गये। इस विद्यायल में बाउन्ड्रीवॉल का निर्माण आवास विकास परिषद द्वारा कराया जा रहा है। मौके पर परिसर के दाहिने ओर से बाउन्ड्रीवाल का निर्माण ग्रामीणों के अवरोध के कारण रुका हुआ था। इस सम्बन्ध में मौके पर उपस्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी अकोला एवं क्षेत्रीय लेखपाल को संयुक्त रूप से मौके का मुआयना कर विद्यालय के नाम पंजीकृत भूमि के अनुसार सीमांकन कर बाउन्ड्रीवाल का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गये। इसी प्रकार विकास खण्ड सैया की ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन उच्चीकृत कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय में निरीक्षण के समय विद्यालय में बने शौचालयों एवं स्नानघर के अन्तर्गत यूरीनल सीट, शौचालय सीट, वॉश बेसिन, शीशा एवं आवश्यक सामग्री स्थापित नहीं पाई गई। जिसे नियमानुसार एवं मानक अनुसार लगाने के निर्देश दिए गए। दीवारों पर सीलन आ रही थी उसे भी तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त भवन की विद्युत वायरिंग एवं रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का कार्य अधूरा पाया गया। इस सम्बन्ध में सैया में कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग के अवर अभियन्ता महेश चन्द को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं ठेकेदार के विरुद्ध समयान्तगर्त कार्य पूर्ण न करने के लिए पेनल्टी अधिरोपित करने के निर्देश अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग को दिये गये।