आगरालीक्स…आगरा के 149वें श्री रामलीला महोत्सव की मंगल शुरुआत. जनकपुरी में राजा दशरथ और राजा जनक आपस में मिले. जय श्रीराम के उद्घोष गूंजे
149 वर्षों की गौरवशाली एवं अखंड परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजित किए जा रहे श्री रामलीला महोत्सव–2026 के अंतर्गत श्री रामलीला कमेटी द्वारा रामलीला मैदान स्थित श्री राम हनुमान मंदिर में राजा दशरथ एवं राजा जनक के सपरिवार भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। संपूर्ण मंदिर परिसर "जय श्रीराम" के गगनभेदी उद्घोष, रामचरितमानस की पावन चौपाइयों और मंगल आरती से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।समारोह का शुभारंभ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं श्रीहनुमान जी की आरती के साथ हुआ। अध्यक्षता करते हुए विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ रामचरितमानस की चौपाइयों का पाठ किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा, सत्य, सेवा और आदर्श जीवन के सर्वोच्च प्रतीक हैं। श्री रामलीला महोत्सव हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का जीवंत उत्सव है, जो नई पीढ़ी को सनातन मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि 149 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा श्री रामलीला महोत्सव आगरा की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक है। यह महोत्सव केवल रामकथा का मंचन नहीं, बल्कि समाज में धर्म, कर्तव्य, सेवा, समरसता और राष्ट्रभाव का संदेश देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इस ऐतिहासिक परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में अपना योगदान दे।
समारोह में श्री रामलीला कमेटी की ओर से राजा दशरथ एवं रानी कौशल्या के स्वरूप संजय सिंघल का उनके पुत्र एवं पुत्रवधू रजत सिंघल एवं निमिषा सिंघल, तथा पुत्री एवं दामाद आयुषी एवं कृष्ण बिहारी गर्ग सहित सपरिवार अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।