आगरालीक्स …Agra News : आगरा में यमुना का जलस्तर बढ़ा, 48 घंटे में खतरे के निशान तक पहुंच सकता है। 23 गांवों के लोगों को किया गया सतर्क, मुनादी कराने के साथ बाढ़ चौकियों को किया गया सक्रिय।
आगरा में यमुना में बाढ़ के लिए खतरे का निशान 152 मीटर पर है। एक सप्ताह पहले आगरा में यमुना का जलस्तर 144 मीटर था लेकिन हरियाणा और दिल्ली में हुई बारिश के बाद यमुना में लगातार छोड़े जा रहे पानी से जलस्तर बढ़ने लगा है। शनिवार को यमुना का जलस्तर 149.30 मीटर पर पहुंच गया।
11 अगस्त तक खतरे के निशान तक पहुंच सकता है यमुना का जलस्तर
यमुना का जलस्तर बढ़ने पर गोकुल बैराज और हथिनी कुंड से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। गोकुल बैराज से 20 हजार क्यूसिक और हथिनी कुंड से 43 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया है यह 11 अगस्त तक आगरा पहुंचने की उम्मीद है। इससे 11 अगस्त तक आगरा में खतरे के निशान यानी 152 मीटर को पार कर सकता है।
ये क्षेत्र होंगे प्रभावित
लो फ्लड लेवल में शहरी क्षेत्र में नगला बूढ़ी, अमर विहार, दयालबाग, मोती महल, कटरा वजीर खां, रामबाग, अप्सरा टॉकीज, यमुना किनारा रोड वेदांत मंदिर,आगरा कोर्ट का क्षेत्र प्रभावित होगा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में तनौरा, नूरपुर, मेहरा नाहरगंज, विसारना, कैलाश, स्वामीबाग के साथ ही भरापुर, बमरौली, ईदौन, मडयना, मेवलीकलां, गुडा, मेवली खुर्द, हिमायूपुर प्रभावित होंगे।