आगरालीक्स…आगरा के नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में गूंजा ‘नंद के आनंद भयो’, धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। जैसे ही कथा के दौरान रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा मंदिर परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कथावाचक वृंदावन से पधारे श्री भरत लाल शास्त्री जी महाराज ने श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग को विस्तार से सुनाते हुए कंस के अत्याचार, देवकी-वासुदेव की पीड़ा और भगवान के अवतरण की महिमा का वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक झांकियों और फूलों से सजाया गया था।
कथा में श्रीकृष्ण के जन्म होते ही मंदिर में घंटा-घड़ियाल और शंखनाद के बीच भगवान का अभिषेक किया गया। इसके बाद बाल गोपाल को पालने में झुलाया गया, जहां उपस्थित महिलाओं और बच्चों ने बारी-बारी से झूला झुलाकर अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भजनों पर नृत्य कर उत्सव को और भी जीवंत बना दिया। हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से आचार्य लक्ष्मीनारायण दास, कमल अग्रवाल, राकेश वर्मा, डॉ सुरेश सिंह भगोर, नरेश गोगिया, नमन यादव, अंकुर चौधरी, अजय बंसल, राजू अग्रवाल, अरुण वर्मा, सनी शर्मा, अनिल चौरसिया, रामकुमार खंडेलवाल, राकेश त्यागी, हनी अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, अंशु शर्मा, नीतू सिंह, रेखा, बृजेश चौहान, आशु सिकरवार, प्रीति अग्रवाल, निशा अग्रवाल, निशू यादव, गुन्नु यादव, रुनझुन, पीहु आदि उपस्थित थीं।