आगरालीक्स…आगरा में मोबाइल को लेकर पति से नाराज महिला यमुना में कूदी. पांच घंटे पुलिस नदी में तलाशती रही, महिला एक स्कूल में बैठी मिली…पुलिस सें बोली—मैं तो तैरना जानती थी…
डौकी थाना क्षेत्र के नूरपुर तनोरा गांव में बुधवार सुबह मोबाइल फोन पर अधिक बातचीत करने को लेकर पति से विवाद के बाद एक महिला ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में कूदने की सूचना पर पुलिस और पीएसी के गोताखोर मौके पर पहुंचे और नदी में उसकी तलाश शुरू की। करीब पांच घंटे बाद महिला गढ़ी चंदन स्थित मुरारीलाल इंटर कॉलेज में सकुशल मिल गई।
नूरपुर तनोरा निवासी 30 वर्षीय नर्मदा पत्नी सूरजभान का बुधवार सुबह मोबाइल फोन पर अधिक बातचीत करने को लेकर पति से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नाराज नर्मदा करीब साढ़े नौ बजे घर से निकलकर यमुना नदी की ओर चली गई और नदी में छलांग लगा दी। इसकी जानकारी पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार और चौकी प्रभारी कबीस सुनील कुमार दीक्षित पुलिस व पीएसी के गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने यमुना में महिला की तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला। करीब पांच घंटे बाद शाम साढ़े तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि नर्मदा गढ़ी चंदन स्थित मुरारीलाल इंटर कॉलेज में बैठी हुई है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में नर्मदा ने पुलिस को बताया कि उसे तैरना आता है। नदी में छलांग लगाने के बाद वह तैरकर बाहर निकल आई और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गई थी। पुलिस ने महिला को समझाकर उसके पति के साथ घर भेज दिया। महिला के सकुशल मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली।