आगरालीक्स आगरा के एसएन में पहला गुर्दा प्रत्यारोपण करने के लिए आज एसजीपीजीआई की टीम आएगी, एक मरीज को उनकी पत्नी और दूसरे को उनके पिता गुर्दा दान करेंगे, कल पहला गुर्दा प्रत्यारोपण होगा।
एसएन मेडिकल कॉलेज में गुर्दा प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू होने जा रही है। पहला गुर्दा प्रत्यारोपण करने के लिए एसजीपीजीआई, लखनऊ की टीम शुक्रवार को एसएन पहुंच जाएगी यह टीम एसएन के यूरोलॉजिस्ट और नेफ्रोलॉजिस्ट की टीम के साथ मिलकर शनिवार को पहला गुर्दा प्रत्यारोपण करेगी।
एक मरीज का किया जाएगा चयन
एसएन मेडिकल कॉलेज में एक 28 साल के पुरुष मरीज को भर्ती किया गया है उनकी पत्नी उन्हें गुर्दा दान करेगी जबकि दूसरा मरीज 22 वर्ष का है दूसरे पुरुष मरीज को उनके पिता का गुर्दा प्रत्यारोपित किया जाएगा। एसजीपीजीआई की टीम इन दोनों मरीजों की जांच करेगी इसके बाद एक मरीज का चयन गुर्दा प्रत्यारोपण के लिए किया जाएगा।
22 अगस्त को होगा पहला गुर्दा प्रत्यारोपण, फ्री और 2.50 लाख रुपये तक चार्ज
एसएन के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता के अनुसार, एसएन में पहला गुर्दा प्रत्यारोपण 22 अगस्त को होगा। आयुष्मान और राशन कार्ड धारकों के लिए गुर्दा प्रत्यारोपण की सुविधा फ्री है। जबकि जिन मरीजों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड नहीं हैं उनको 2.50 लाख रुपये चार्ज देना होगा जबकि निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का पैकेज है।