आगरालीक्स…ईमानदारी की कीमत नहीं होती, ऑटो में छूटा लाखों का बैग, ऑटो चालक सुबह वापस करने पहुंचा तो महिला की आंखों में आ गए आंसू, बोली इसमें इलाज का पैसा था
आगरा। ऑटो से उतरते समय महिला यात्री को जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह अपना ऐसा बैग पीछे छोड़ आई हैं, जिसमें उनकी मेहनत की कमाई के साथ कीमती ज्वेलरी भी रखी थी। कुछ दूर जाने के बाद जब उन्हें बैग याद आया तो उनके होश उड़ गए। लेकिन एक ऑटो चालक की ईमानदारी ने उनकी चिंता को खुशी में बदल दिया। दरअसल, महिला आगरा के विजय नगर कॉलोनी स्थित एक अस्पताल में इलाज के लिए दिल्ली से आगरा आई थीं। यहीं उनका मायका भी है। शनिवार रात करीब 10 बजे वे राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी से उतरीं। यहीं से सेक्टर—11 निवासी मोतीलाल अपना आटो चलाते हैं। वे टीम एसओएस के सदस्य भी हैं। किराया तय कर महिला उनके आटो में सवार हो गईं।गंतव्य पर पहुंचने के बाद वह ऑटो से उतर गईं और चालक भी वहां से आगे निकल गए। घर पहुंचने के बाद चालक की नजर पिछली सीट पर पड़े बैग पर गई। उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उसमें नकदी के साथ ज्वेलरी और अन्य जरूरी सामान रखा था।
इतनी कीमती चीजें देखकर भी चालक का ईमान नहीं डोला। जब वे घर पहुंचे तो रात के 12 बज चुके थे। वे सुबह 10 बजे काम पर जाते हैं। लेकिन अगले दिन सुबह 08 बजे ही बैग को अपने साथ लेकर राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पहुंच गए। उन्हें पता था कि यात्री महिला इसकी तलाश में यहां जरूर पहुंचेगी। चालक के पहुंचने पर महिला अपने परिवारीजनों के साथ स्टेशन के बाहर उसी स्थान पर मिलीं जहां से उन्होंने रात को आटो लिया था।
संपर्क होने के बाद चालक ने महिला को बैग सुरक्षित रूप से उसे वापस कर दिया। बैग हाथ में आते ही महिला ने सबसे पहले उसमें रखा सामान देखा। ज्वेलरी और पूरी नकदी सुरक्षित देखकर उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने चालक को धन्यवाद देते हुए उसकी ईमानदारी की जमकर सराहना की। बताया कि बैग गुम जाने के कारण वे रात भर परेशान रहीं। परिवार ने बताया कि वे सारी रात रोती रहीं। बैग में जो पैसा था वो इलाज के लिए था।
घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो उन्होंने भी ऑटो चालक की तारीफ की। लोगों का कहना था कि चालक मोतीलाल ने साबित कर दिया कि “ईमानदारी अभी जिंदा है”। वहीं आटो चालक मोतीलाल का कहना था कि ईमानदारी की कोई कीमत नहीं होती। यह गर्व का अनुभव कराती है।
टीम एसओएस को बिहेवियर साइंटिस्ट डॉ. नवीन गुप्ता प्रशिक्षित करते हैं। डॉ. गुप्ता ने कहा कि आज जब छोटी-सी मिली वस्तु को भी अपना समझ लेने की घटनाएं सामने आती हैं, ऐसे में कीमती ज्वेलरी और नकदी से भरा बैग लौटाकर ऑटो चालक ने न केवल एक परिवार की बड़ी चिंता दूर किया, बल्कि समाज के सामने ईमानदारी और इंसानियत की खूबसूरत मिसाल भी पेश की।
- 14 September 2026 news Agra
- Agra News : Another Example of Honesty in Agra
- Auto Driver Returns Woman Passenger’s Bag Left Behind in Auto
- auto drivers in agra
- Dr. Naveen Gupta Agra
- Honesty in Agra
- Jewellery and Cash containing bag return to female passenger in Agra
- Raja ki Mandi Matro Station Agra
- raja ki mandi railway station agra
- Team SOS Agra