आगरालीक्स…आगरा में सियासी पारा गर्म होने लगा है. सबसे पहले कल बसपा अपना प्रत्याशी घोषित करने जा रही है. 15 नवंबर को सपा का दलित सम्मेलन, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव होंगे शामिल
आगरा की नौ विधानसभा सीटों पर पिछले दो चुनावों यानी 2022 और 2017 में भाजपा का परचम रहा है. सभी नौ सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है. इससे पहले 2007 और 2012 के चुनाव में बसपा ने 9 में से 6—6 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि सपा में 1993 में एतमादपुर सीट से चंद्रभान मौर्य और 2012 में बाह सीट से अरिमदन सिंह ने सपा से जीत दर्ज की थी. पिछले चुनाव में सपा का प्रदर्शन अच्छा रहा था लेकिन कोई सीट नहीं जीत पाई थी. अब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सभी दल सक्रिय हो गए हैं.

बसपा 16 सितंबर को घोषित करेगी खेरागढ़ प्रत्याशी
जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए बसपा खेरागढ़ विधानसभा सीट से पहला प्रत्याशी घोषित कर रही है. 16 सितंबर को राजकमल गार्डन खेरागढ़ में होने जा रही जनसभा में नीरज रावत को प्रत्याशी घोषित किया जाएगा. खेरागढ़ सीट पर 2022 में भाजपा से भगवान सिंह कुशवाह ने जीत दर्ज की थी. भगवान सिंह कुशवाह 2007 और 2012 में बसपा से खेरागढ़ सीट पर विधायक रहे थे. 2017 में भाजपा के महेश गोयल ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी. 2022 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार ने भाजपा प्रत्याशी को कांटे की टक्कर दी थी और बसपा तीसरे स्थान पर रही थी. इस बार बसपा खेरागढ़ सीट पर ब्राहृमण प्रत्याशी उतारेगी.
दलितों में सेंध लगाने के लिए 15 नवंबर को सपा का सम्मेलन
दलितों का गढ़ माने जाने वाले आगरा में सपा 15 नवंबर को दलित महासम्मेलन करने जा रही है. जीआईसी मैदान में होने जा रहे इस सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल होंगे. पीडीए के दम पर चुनाव जीतने के लिए कैंपेनिंग कर रही सपा दलित वोट बैंक में सेंध लगाने में जुटी है. मंगलवार को आगरा में सपा कार्यालय में सपा छात्रसभा के लिए नई ड्रेस का अनावरण किया गया. सपा छात्रसभा कार्यकर्ताओं के लिए नीले रंग की ड्रेस बनाई गई है. यह नीली ड्रेस सपा में बहुजन समाज की भागीदारी का भी संदेश देगी.