आगरालीक्स…दर्दनाक, आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर युवक के शव को रौंदकर रातभर निकलती रही गाड़ियां. सिर और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रसत. नहीं हो सकी पहचान..सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। डौकी थाना क्षेत्र में किलोमीटर 9.200 पर अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया। इसके बाद पीछे से आए कई वाहन शव को रौंदते हुए निकल गए। मंगलवार शव मिला तो सिर और चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था।सुबह करीब 5 बजे डौकी पुलिस और यूपीडा की टीम को हादसे की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची और शव को एक्सप्रेसवे से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पैरों में जूते-चप्पल नहीं थे। चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस अब एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक की पहचान के साथ हादसे में शामिल वाहन का पता लगाया जा सके। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि एक्सप्रेसवे की आगरा से लखनऊ जाने वाली लेन में अज्ञात युवक का शव मिला है। वाहन की टक्कर से युवक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। CCTV फुटेज और अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।