आगरालीक्स…आगरा में हजारों लोगों ने दी विधायक छोटेलाल वर्मा को अंतिम विदाई. शाम को पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार. दो दिन पहले आया था बुखार, अस्पताल में हुआ निधन
आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर शोक की लहर छा गई. शुक्रवार को उनके अंतिम दर्शनों के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे. विधायक की अंतिम यात्रा में भी लोग शामिल हुए और शाम को उनके पैतृक गांव नगला देवहंस में अंतिम संस्कार किया गया. छोटे बेटे महेंद्र वर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी.
73 साल के विधायक छोटेलाल वर्मा को दो दिन से बुखार था. 22 सितंबर को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें आगरा के उपाध्याय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था और बाद में उन्हें नोएडा ले जाया गया. उन्होंने गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली. शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उनका पार्थिव शरीर आगरा में उनके आवास पर लाया गया. सुबह 11 बजे शव यात्रा उनके पैतृक गांव नगला देवहंस के लिए रवाना हुई. दोपहर करीब डेढ़ बजे पार्थिव शरीर गांव पहुंचा. यहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. सांसद राजकुमार चाहर और विधायक भगवान सिंह कुशवाह ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया. कई राजनीतिक नेता और प्रशासनिक अधिकारी भी गांव पहुंचे और श्रद्धांजलि दी. शाम को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया हुई और छोटे बेटे महेंद्र वर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी.