आगरालीक्स …आगरा में शिक्षक और स्नातक खंड चुनाव के लिए 73 पोलिंग सेंटर प्रस्तावित किए गए हैं। 29 सितंबर से नामांकन होंगे और 23 अक्टूबर को मतदान होगा। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 27 तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 46 मतदान केन्द्र प्रस्तावित किए गए हैं। 28 सितंबर तक प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में आपत्ति एवं सुझाव देने का मौका दिया गया है।
ये हैं वोटर
आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 15,733 मतदाता और आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 23,696 मतदाता आगरा में हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत बिचपुरी तथा कटरा बजीर खां स्थित मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित मानक से अधिक होने के कारण संबंधित मतदान केन्द्रों पर एक-एक सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत जूनियर हाईस्कूल नगर निगम, वजीरपुरा के भवन के जर्जर होने के कारण उसी मतदान क्षेत्र में स्थित सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, वजीरपुरा रोड में नया मतदान केन्द्र बनाए जाने की प्रस्तावना की गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार—
- निर्वाचन की अधिसूचना – 29 सितंबर, 2026
- नाम निर्देशन हेतु अंतिम दिनांक – 06 अक्टूबर, 2026
- नाम निर्देशनों की संवीक्षा – 07 अक्टूबर, 2026
- नाम वापसी हेतु अंतिम दिनांक – 09 अक्टूबर, 2026
- मतदान – 23 अक्टूबर, 2026
- मतगणना – 27 अक्टूबर, 2026
- निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण किए जाने की अंतिम तिथि – 31 अक्टूबर, 2026