आगरालीक्स आगरा में 4710 वर्ग मीटर बेशकीमती जमीन नगर निगम से चली गई है। इसी जमीन पर कूड़ा उठाने वाहन खड़े होते थे, 1.60 लाख घरों से कूड़ा नहीं उठा।
आगरा नगर निगम का कूड़ा कलेक्शन का काम स्वच्छता कारपोरेशन को है। सिकंदरा क्षेत्र के मौजा ककरैठा में खसरा संख्या 207 पर करीब 4710 वर्ग मीटर जमीन पर साल 2007 से नगर निगम और लक्ष्मीनारायण शर्मा व पवन शर्मा के बीच कोर्ट में मामला चल रहा था। शनिवार को सिविल कोर्ट का आदेश लक्ष्मीनारायण के पक्ष में आने के बाद अमीन की मौजूदगी में जमीन को खाली करा लिया गया।
150 वाहनों की पार्किंग, रह रहे थे 300 परिवार
जमीन पर 150 सफाई वाहनों की पार्किंग थी और 300 सफाई कर्मचारी यहां रह रहे थे। इन्हें हटा दिया गया, इनके लिए सोमवार को दहतोरा में नगर निगम की जमीन पर टेंट लगाकर रहने और वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
कूड़ा उठाने नहीं पहुंचे वाहन
जमीन खाली होने के बाद सोमवार को कूड़ा उठाने के लिए वाहन नहीं पहुंचे। इससे जगह जगह कूड़ा बिखरा पड़ा रहा, करीब 1.60 लाख घरों से कूड़ा नहीं उठा है।