आगरालीक्स...आगरा के 49 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा. 1.36 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल. कड़ी सुरक्षा में कल 25 अक्टूबर को परीक्षा का पहला दिन…
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा PET-2026 की परीक्षा आगरा में 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवंबर 2026 को दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शुरू होगी जो कि शाम 5 बजे तक होगी। जनपद में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए कुल 49 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा में कुल 1,36,656 पंजीकृत अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे तथा प्रत्येक पाली में 22,776 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की निगरानी एवं व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जा चुकी है।
हर परीक्षार्थी की हो सघन तलाशी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय एवं क्रियाशील रहें तथा परीक्षा की निगरानी प्रभावी ढंग से की जाए। प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन तलाशी के उपरांत ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुविधाएं हों
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं हेल्प डेस्क की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही, परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक यातायात एवं परिवहन व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ।
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पुलिस, यातायात, परिवहन, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, आवश्यक पुलिस बल की तैनाती तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा एवं एम्बुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आयोग से प्राप्त परीक्षा संबंधी गोपनीय सामग्री को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के अस्थायी डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से परीक्षा सामग्री परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाई जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया जा चुका है।