आगरालीक्स…11 साल की तमन्ना की पीठ पर थी एक पुरानी और विशाल गांठ. 8 वर्षों से लगातार बढ़ रही थी. आगरा के एसएन में जटिल सर्जरी कर हटाई गई गांठ. सफल आपरेशन से मिली नई जिंदगी
आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एस.एन. मेडिकल कॉलेज) के सर्जरी विभाग ने एक बार फिर जटिल एवं चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर चिकित्सा क्षेत्र में अपनी दक्षता का परिचय दिया है। कॉलेज में 11 वर्षीय बालिका तमन्ना की पीठ पर पिछले लगभग 8 वर्षों से लगातार बढ़ रही विशाल गांठ का सफल ऑपरेशन कर उसे सुरक्षित रूप से निकाल दिया गया। बच्ची की पीठ पर कम उम्र से ही गांठ थी, जिसका आकार धीरे-धीरे काफी बढ़ गया था। इसके कारण बच्ची को दैनिक गतिविधियों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। परिजन कई अस्पतालों में उपचार के लिए गए, लेकिन ऑपरेशन को जटिल एवं जोखिमपूर्ण मानते हुए उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया गया।

अंततः परिजनों ने एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के सर्जरी विभाग में संपर्क किया। यहां विभाग के प्लास्टिक सर्जन डॉ. पुनीत भारद्वाज एवं उनकी टीम ने चुनौतीपूर्ण मामले को स्वीकार करते हुए सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया और गांठ को सुरक्षित रूप से निकाल दिया। गांठ की चिकित्सकीय पहचान Fibrolipoma के रूप में बताई गई है। एस एन मेडिकल कॉलेज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एस.एन. मेडिकल कॉलेज जटिल एवं चुनौतीपूर्ण मामलों के उपचार के लिए प्रतिबद्ध है। संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। ऑपरेशन के बाद बच्ची तमन्ना की स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है। बच्ची के परिजनों ने एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, चिकित्सकों एवं पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया है।