आगरालीक्स…आगरा में ज्वेलरी शोरूम से 15 लाख के जेवर चोरी करने वाली चोरनी पुलिस ने पकड़ी. 200 सीसीटीवी फुटेज देखकर पुलिस पहुंची ग्वालियर. 30 लाख की ज्वैलरी इसके पास मिली…कई शहरों में की चोरियां
आगरा के सदर थाना क्षेत्र में सुल्तानपुरा सर्राफा बाजार से 15 लाख के जेवर चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने ग्वालियर से पकड़ लिया है. 31 अक्टूबर को उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने महिला को पकड़ने के लिए 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे और उसके बाद पुलिस महिला तक पहुंची. पुलिस ने उसे रेलवे कॉलोनी के पास से घेराबंदी कर दबोचा. पुलिस को इसके पास से 30 लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण भी मिले हैं. ये उसने कई शहरों में चोरियां की थी.
चूड़ियों सें भरा डिब्बा लेकर भागी थी महिला
घटना 11 अक्टूबर की है. थाना सदर बाजार क्षेत्र के सुल्तानपुरा सराफा बाजार में एक ज्वैलर्स की दुकान पर बुजुर्ग महिला ग्राहक बनकर पहुंची थी. उसने दुकान पर सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार किया और इसी दौरान मौका देखकर सोने की चूड़ियों के पांच सेट से भरा डिब्बा पार कर दिया और भीड़ का फायदा उठाकर वहां से निकल गई. कुछ देर बाद दुकानदार को इसकी चोरी की जानकारी हुई. काफी तलाश करने पर भी महिला का पता नहीं चला. चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई थी. दुकानदार ने थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया.
कई दिन से कर रही थी रेकी
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर महिला की तलाश के लिए सीसीटीवी देखे तो जांच में सामने आया कि महिला ने वारदात को अचानक अंजाम नहीं दिया था. वह कई दिनों से बाजार में घूम रही थी और दुकान की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. उसने पहले रेकी की और फिर ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची. पुलिस के साथ् सर्विलांस सेल और एसओजी नगर जोन की टीम को भी लगाया गया.
200 सीसीटीवी देखे
महिला की पहचान और लोकेशन के लिए पुलिस ने बाजार से लेकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और हाइवे तक करीब 200 सीसीटीवी देखेे. अलग अलग स्थानों की फुटेज देखने के बाद पुलिस ने महिला के भागने का रास्ता तलाशा और ग्वालियर पहुंचकर उसके दबोच लिया. पुलिस को उसके पास से सोने चांदी के आभूषणों का जखीरा मिला. ये जेवर करीब 30 लाख रुपये के थे जिसमें आगरा के सदर बाजार में चोरी किए गए जेवर भी शामिल थे. पुलिस को महिला के पास से 16 पीली धातु की चूड़ियां, 10 ब्रेसलेट, पांच चेन, पांच जोड़ी पायल, एक मछली, 12 सिक्के, पांच जोड़ी बिछिया, 29 अंगूठियां, एक घुंघरू, चार कंगन और तीन जोड़ी कान के टॉप्स शामिल हैं. इसके अलावा तीन अन्य अंगूठियां और तीन चेन भी मिली हैं.
कर्जा उतारने के लिए बनी चोरनी
महिला ने पूछताछ में बताया कि कुछ सराल पहले उसकी बहू की तबीयत खराब हो गई थी. बहू के इलाज के लिए उसने करीब सात लाख रुपये का कर्ज लिया था. लेकिन बहू की जान नहीं बच सकी और उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिवार पर कर्ज चुकाने का दबाव और बढ़ गया. इसी परेशानी से बचने के लिए उसने पहली बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया जिसमें वह पकड़ी नहीं गई. महिला ने इसके बाद धीरे धीरे चोरी के जरिए कर्ज की रकम चुकाने लगी कुछ समय बाद कर्ज उतर गया लेकिन चोरी करना फिर उसकी आदत बन गई. महिला ने बताया कि उसने आगरा समेत कई शहरों में चोरियां की वारदात को अंजाम दिया है. वह ज्वैलर्स की दुकान में ग्राहक बनकर जाती थी और मौका देखकर आभूषण चोरी कर लेती थी. वह अकेले ही वारदातों को अंजाम देती थी. पुलिस महिला से और पूछताछ कर रही है.