आगरालीक्स…कमल का पुष्प लक्ष्मी पूजन में क्यों है विशेष…धन का स्थायित्व चाहिए तो कमल पुष्प के संस्कार अपनाइये. जानिए कमल का फूल क्या देता है संदेश
धन और सम्पन्नता की देवी मां लक्ष्मी के पूजन में कमल पुष्प विशेष महत्व है। मां लक्ष्मी को पद्मासना और कमलवासिनी कहा जाता है। कमल उनका प्रमुख प्रतीक है। परन्तु मां लक्ष्मी का दूसरा नाम चंचला भी है। यानि स्थायी रूप से लक्ष्मी का एक जगह टिकना मुश्किल है। स्थायी रूप से लक्ष्मी वहीं टिकती हैं, जहां सदाचार, संस्कार और छल कपट न हो।
कमल कीचड़ में खिलता है, लेकिन उसकी पंखुड़ियों पर कीचड़ का प्रभाव नहीं पड़ता। यह संसार में रहते हुए भी मोह-माया और नकारात्मकता से ऊपर उठकर जीवन जीने का संदेश देता है। मां लक्ष्मी केवल धन की देवी नहीं, बल्कि शुद्धता, सौंदर्य, समृद्धि और सदाचार की भी प्रतीक हैं। कमल इन्हीं गुणों को दर्शाता है। कमल के आठ दलों को अष्टलक्ष्मी की अवधारणा से जोड़कर समझाया जा सकता है। धन वहीं टिकता है जहां पवित्रता, संतुलन और सद्कर्म होते हैं।