आगरालीक्स….आगरा के पिनाहट चंबल घाट पर पैंटून पुल शुरू. दिवाली से पहले पोइयाघाट पर भी हो सकता है शुरू….जाम और कई किलोमीटर के चक्कर से मिलेगी राहत
पिनाहट चंबल नदी घाट पर लंबे इंतजार के बाद पैंटून पुल का संचालन शुरू हो गया है। पुल चालू होने से पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन भी बहाल हो गया है। इससे पिनाहट और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। पुल शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों, किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी। स्टीमर सेवा बंद होने के बाद से लोग नदी पार करने के लिए परेशान थे। वहीं, त्योहारी सीजन में पुल चालू होने से व्यापारियों को भी कारोबार में राहत मिलने की उम्मीद है।पैंटून पुल शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है।
जल्द शुरू हो सकता है पोइया घाट पर पुल
पिनाहट पर पैंटून पुल चालू होने के बाद आगरा के दयालबाग से पोइया के बीच यमुना के पोइया घाट पर बन रहा पैंटून पुल भी जल्द शुरू हो सकता है। इसका कार्य बहुत तेजी से चल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि दिवाली से पहले यह पुल शुरू हो सकता है। इसके शुरू होने से लोगों को रामबाग होकर खंदौली जाने पर लगने वाले जाम और कई किलोमीटर के चक्कर से राहत मिलेगी।