आगरालीक्स...आगरा से सटे सादाबाद में घर के अंदर जिंदा जल गए पति—पत्नी. रात को मकान में लगी भीषण आग. पुलिस कर रही जांच
आगरा से सटे हाथरस के सादाबाद में दर्दनाक घटना हुई है. यहां एक मकान में रात को भीषण अग्निकांड हो गया और मकान में सो रहे बुजुर्ग पति—पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई. आग इतनी तेज थी कि दंपत्ति बाहर नहीं निकल सके. दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और मामले की जांच कर रही है.
घटना देर रात करीब डेढ़ बजे मोहल्ला कहारान की है. जिंदा जलकर मरने वालों में शहजाद और उनकी पत्नी सलमा हैं. परिजनों ने बताया कि बुधवार रात को वह शहजाद अपनी पत्नी सलमा के साथ खाना खाने के बाद मकान में सो गए थे. उनका छोटा बेटा शादी समारोह में शामिल होने ससुराल गया था. दो अन्य बेटे बाहर रहते हैं. रात को अचानक आग लग गई और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटों से दंपत्ति बाहर नहीं निकल सके और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई. इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है.