मथुरालीक्स…मथुरा में एक साथ तीन पीढ़ियों की एक्सीडेंट में दर्दनाक मौत. हाइवे से गिरी कार खेत में काम कर रहे पिता, बेटे और नाती पर गिरी, दिवाली से पहले तीनों की मौत से कोहराम
आगरा मंडल के मथुरा जिले में वीभत्स हादसा हुआ है. बरेली हाइवे से अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी. खेत में काम कर रहे 70 साल के जवाहर सिंह, उनके बेटे 42 साल के हमवीर सिंह और 20 साल के नाती अंकित कार की चपेट में आ गए. गंभीर चोट लगने से तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. एक साथ तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. आक्रोशित लोगों ने हाइवे जाम कर दिया. सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच और लोगों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
ये है पूरी घटना
कार सवार का नाम वृंदावन के कैशल नगर में रहने वाले अमर शर्मा हैं. पुलिस के अनुसार अमर शर्मा अपनी स्विफ्ट कार से गुरुवार सुबह आठ बजे अलीगढ़ जा रहे थे. बरेली हाइवे पर इनकी कार गांव अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी. हाइवे किनारे खेत में उस समय गांव गज्जू के रहने वाले 70 साल के जवाहर सिंह, उनके बेटे 42 साल के हमवीर सिंह और 20 साल के नाती अंकित के साथ काम कर रहे थे. कार इनके ऊपर गिरी जिससे तीनों कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने तीनों शव हाइवे पर रख दिए ओर जाम लगा दिया. सूचना पर थाना राया, वृंदावन, जमुनापार सहित पांच थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा. पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित लोगों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. हादसे में कार चालक अमन भी बुरी तरह से घायल हुआ है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका है. पुलिस जांच कर रही है.