आगरालीक्स… आगरा में जेल में बंद हत्यारोपी ने कारोबारी से चौथ मांगी है, वह पेशी पर जेल से आया था और पुलिस साथ थी। इस मामले में थाना एत्माउददौला में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आगरा के शाहदरा मेन बाजार के परचून कारोबारी मूलचंद गुप्ता ने बताया कि सुरेंद्र सिंह यादव उर्फ काली प्रधान नौ जनवरी को उनके पास आया। रंगदारी मांगी और धमकी देकर गया है। वह जिस गाड़ी से आया था उसमें पुलिस वाले भी बैठे थे। कारोबारी से कहा है कि 25 तारीख के आस-पास फिर पेशी पर आएगा। तब तक 2 लाख रुपये दे देना नहीं तो देख लेना।
नौ जनवरी को मामला, सात दिन बाद मुकदमा
नौ जनवरी को सुरेंद्र यादव की दीवानी में पेशी थी। एत्मादुद्दौला थाने में उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा है। उसी दौरान वह आगरा आया था, कारोबारी का कहना है कि वह दहशत में था इसलिए पुलिस से शिकायत नहीं की। सात दिन बाद कारोबारी ने तहरीर दी है, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुकदमे की जानकारी एसएसपी एटा को भेजी गई है। हत्यारोपी को पेशी पर कौन सिपाही लेकर आए। यह पता लगाया जा रहा है।
रामबल नगला में रह चुका है हत्यारोपी
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र यादवविरसरा, एटा का रहने वाला है है। एत्मादुद्दौला के नगला रामबल में रहता था। पिछली सरकार में इलाके के कारोबारियों से मोटी चौथ लेता था। सरकार बदलने के बाद उसकी चौथ बंद हो गई है। उसने कई कारोबारियों को धमकी दी है। दहशत में दूसरे लोग सामने नहीं आए हैं। दो कारोबारियों को वह हत्या की धमकी देकर गया है। इसमें कितनी सच्चाई है पुलिस यह पता लगा रही है।