आगरालीक्स…आगरा में जमीन विवाद में फायरिंग. दो पक्षों में लाठी डंडे चले. गोली लगने से एक युवक घायल. जानें मामला
आगरा के थाना मलपुरा में गुरुवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले. विवाद बढ़ने पर फायरिंग भी हो गई जिसमें एक युवक के पेट में गोली लगी जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है. गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात किया गया है.
गुरुवार सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मलपुरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मनखेड़ा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के मध्य झगड़ा हो गया है. सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि एक पक्ष द्वारा गौशाला निर्माण के लिए भूमि पूजन किया जा रहा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के देवेन्द्र उर्फ बंगाली निवासी ग्राम नगला कारे के पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए तथा उक्त भूमि को अपना बताने लगे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के मध्य विवाद बढ़ गया, जिसमें देवेन्द्र उर्फ बंगाली को गोली लग गई. घायल को परिजनों द्वारा तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है.
मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है. प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है.