आगरालीक्स…आगरा में हुई वेस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल के रुद्र ने जीता गोल्ड. हर्षित को मिला कांस्य…
आगरा के होली पब्लिक स्कूल में आयोजित वेस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, आगरा के विद्यार्थियों ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का परिचय देते हुए पदक जीतकर सफलता का परचम लहराया। इसमें रुद्र प्रताप सिंह ने स्वर्ण पदक जीता तो वहीं हर्षित यादव को कांस्य पदक मिला। इस उपलब्धि में आगरा ताइक्वांडो के कोच अभिन्द्र सिंह एवं महिला कोच आरती सिकरवार के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित गर्ग एवं निदेशक गुंजन गर्ग ने पदक विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, एकाग्रता एवं टीम भावना जैसे गुणों का विकास होता है। विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, कठिन परिश्रम और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने कोच एवं प्रशिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना करते हुए खिलाड़ियों को भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।