आगरालीक्स…आगरा से निशुल्क शिरड़ी साईं श्री यात्रा पर जाएंगे 140 श्रद्धालु. साईं बाबा के करेंगे दर्शन. 23 को गोवा एक्सप्रेस से आगरा कैंट से रवाना होगा श्रद्धालुओं का जत्था
पिछले वर्ष की अपार सफलता एवं श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए इस वर्ष भी द्वितीय निःशुल्क शिरडी साईं श्री यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 23 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक चलेगी। यात्रा में 140 श्रद्धालुओं का जत्था 23 नवंबर को गोवा एक्सप्रेस के माध्यम से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से शिरडी साईं धाम के लिए रवाना होगा। इस धार्मिक एवं सेवा भाव से प्रेरित यात्रा की मुख्य आयोजक कृष्णा साईं ठाकुर (संस्थापक) एवं विनीता देवी (संरक्षक) हैं। उनका उद्देश्य है कि आर्थिक या किसी अन्य कारण से कोई भी साईं भक्त बाबा के दर्शन एवं आशीर्वाद से वंचित न रहे। इसी पवित्र भावना के साथ सभी श्रद्धालुओं के लिए यात्रा पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के आने-जाने, भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था भी स्वयं की जा रही है, जिससे सभी भक्त बिना किसी परेशानी के शिरडी पहुंचकर साईं बाबा के दर्शन कर सकें। वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान संस्थापक कृष्णा साईं ठाकुर ने बताया कि यह यात्रा का दूसरा वर्ष है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हुई है। इस वर्ष 140 भक्तों का जत्था साईं बाबा के दर्शन के लिए शिरडी जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के पीछे कोई व्यावसायिक उद्देश्य नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा और मानव कल्याण की भावना है। उनकी कामना है कि साईं बाबा की कृपा से यह सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ता रहे और अधिक से अधिक भक्तों को बाबा के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो।
ये रहे उपस्थित
कृष्णा साईं ठाकुर (संस्थापक), विनीता देवी (संरक्षक), प्रिंस ठाकुर, द्वारकानाथ कुंवर, विजय साईं, मनजीत सिंह, राहुल ठाकुर, नवल साईं, राजन लाल, राकेश कुमार वर्मा, देवशरण पुजारी जी, चेतन अग्रवाल, अखिलेश शर्मा, आशीष कुमार, विकास गोयल, मनोज कुमार, पवन वर्मा, सुनील कुमार, पवन शर्मा एवं राहुल कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।