आगरालीक्स…आगरा के मनकामेश्वर मंदिर में मंगल गीतों और भजनों के बीच संपन्न हुई तुलसी-शालिग्राम विवाह की मेहंदी रस्म, महिला मंडल ने मनाया विवाहोत्सव का उल्लास
“मेहंदी रच गई हरे-हरे, तुलसी मैया के हाथ…” मंगल गीतों की मधुर स्वर लहरियों और भक्ति के उल्लास के बीच श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर, रावत पाड़ा में तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव के अंतर्गत मेहंदी की रस्म श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। तुलसी महारानी को दुल्हन के रूप में सजाने की तैयारियों के बीच महिला मंडल की सदस्याओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं। मंदिर परिसर में गूंजते विवाह गीतों ने पूरे वातावरण को मांगलिक और भक्तिमय बना दिया।
श्री महंत योगेश पुरी ने कहा कि कार्तिक मास में तुलसी महारानी का पूजन और भगवान शालिग्राम के साथ उनका विवाह घर-परिवार में सुख, समृद्धि और मांगल्य का प्रतीक माना जाता है। श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में 21 वर्षों से महिला मंडल द्वारा इस परंपरा का सामूहिक निर्वहन करना सराहनीय है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक मान्यताओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि महिला मंडल की सदस्याएं विगत 21 वर्षों से कार्तिक मास में पूरे महीने सामूहिक रूप से तुलसी-शालिग्राम जी का विशेष पूजन करती आ रही हैं। इसी परंपरा के अंतर्गत विवाह से पूर्व लगुन और मेहंदी सहित सभी मांगलिक रस्में पारंपरिक रूप से आयोजित की जाती हैं। शुक्रवार को सुबह तुलसी-शालिग्राम जी का भव्य विवाह महोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर यात्रा श्री मनःकामेश्वर मंदिर के परिक्रमा मार्ग से होकर निकलेगी। मेहंदी की रस्म में दीप्ति गर्ग, कुमकुम, अनुभा, रानी, शिमला, अन्ना, रीता, नीता, रिंकी, दीपिका, मंजू, सुषमा, नीलिमा, रेखा सहित अन्य महिलाओं ने सहभागिता की।