आगरालीक्स…आगरा के एत्मादपुर में कल बसपा की बड़ी रैली. यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर मायावती के भतीजे आकाश आनंद की होगी चुनावी सभा.
दलितों की राजधानी ताजनगरी आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित महासम्मेलन के बाद बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की रविवार को एत्मादपुर के राजकीय आदर्श विद्यालय (माडल स्कूल) मैदान में चुनावी जनसभा होने जा रही है. बसपा सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भतीजे आकाश आनंद को राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाकर पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा करने के साथ पहली बार चुनावी प्रचार की बागडोर बतौर राष्ट्रीय संयोजक सौंपी गई है. रविवार को वह यहां आकर संगठन के विधानसभा स्तरीय विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी प्रत्याशी के नाम का ऐलान करेंगे.
विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के नाम पर होने वाली चुनावी सभा के लिए आयोजन स्थल को सजाने-संवारने का काम युद्धस्तर पर आज शनिवार को भी जारी है. मैदान की दीवारों से लेकर पूरे विधानसभा क्षेत्र के हर रोड़ और गांव की चौपालों पर सम्मेलन के प्रचार के लिए वाल पेंटिंग के अलावा सैकड़ों की संख्या में बैनर-पोस्टर और होर्डिंग्स लगा दिए गए हैं. बहुजन समाज पार्टी अपने आधार दलित वोट बैंक को साधने को लेकर पूरी तरह फिक्रमंद हो गई है. संगठन के पदों पर बैठे लोगों के कार्य की भी अब हर तरह से सतत समीक्षा होगी. विधान सभाओं के प्रत्याशियों की घोषणा करने के साथ प्रत्येक विधानसभा, सेक्टर और बूथ इकाइयों के सांगठनिक कार्य की समीक्षा रिपोर्ट तैयार की जा रही हैं.
चार पार्किंग स्थलों पर खड़े किए जाएंगे वाहन
बसपा सम्मेलन में कल आने वाली भीड़ के वाहन खड़े करने के लिए चार स्थानों पर खुली पार्किंग व्यवस्था की गई है. बरहन रोड की ओर से वाले वाहनों को रेलवे अंडरब्रिज के पास सचिन ग्रीन कालोनी व प्रेमपाल सिंह के खेत में पार्क किया जाएगा. खंदौली रोड क्षेत्र के वाहनों की पार्किंग इसी रोड़ पर रेलवे अंडरब्रिज के पीछे बरेली वालों के खेत में और हाईवे से आने वाले वाहनों की पार्किंग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास सांवरिया गार्डन मैरिज होम व सरला फार्म हाउस पर होगी. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष केशव दत्त निमेष ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था को वालंटियर तैनात रहेंगे.
हाईवे का लाइलाज जाम रोकेगा बसपा समर्थक भीड़ का रास्ता.
आकाश आनंद की कल सुबह दस बजे से होने वाली चुनावी सभा में आने वाली बसपा समर्थकों की भीड़ की राह में हाईवे पर लगने वाला लाइलाज ट्रैफिक जाम बाधा उत्पन्न करेगा. स्थानीय और क्षेत्रीय जनता यहां हर रोज जाम के झाम से जूझ रही है. देवोत्थान एकादशी पर कल सहालग के पहले दिन वाहनों के अत्यधिक दबाव के चलते आगरा और फिरोजाबाद की दोनों साइड में सुबह से शाम तक चार किलो मीटर दूर तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। पूरे समय रेंगते हुए बमुश्किल वाहन निकले. बुढ़िया के ताल से एफएस मेडिकल कॉलेज तक लंबी कतारें लगने के बाद राहगीरों का सर्विस रोड पर भी पैदल चलना दूभर हो गया.