आगरालीक्स….यूपी चुनाव से पहले आगरा से नई राजनीतिक पार्टी की शुरुआत. यूपी की सभी सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडेगी ससपा
देश में एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में सर्वजन सनातन पार्टी (ससपा) ने आगरा से अपनी राजनीतिक गतिविधियों की औपचारिक शुरुआत की। संजय प्लेस स्थित पी.एल. पैलेस होटल में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने उप्र की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। कहा “हम किसी की बी-टीम नहीं हैं—न भाजपा की, न कांग्रेस की और न ही किसी अन्य दल की। हम शासन की दिशा बदलने और सभ्यतागत पुनर्जागरण, समान न्याय तथा सबकी समृद्धि के माध्यम से भारत के पुनर्निर्माण के लिए आए हैं। पार्टी की विचारधारा, उद्देश्य और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि भारत को ऐसे राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता है, जो देश की सांस्कृतिक चेतना, सनातन मूल्यों और राष्ट्र के समग्र विकास को केंद्र में रखकर कार्य करे।
उन्होंने ससपा के गठन की पृष्ठभूमि और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की भावना के साथ समाज के सभी वर्गों के हितों को लेकर आगे बढ़ेगी। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सनातन जीवन मूल्यों के साथ राष्ट्र के विकास को पार्टी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करेगी। पार्टी संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए एडवोकेट अरुण पचौरी को सर्वजन सनातन पार्टी का आगरा जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। उनके नेतृत्व में आगरा जिले में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई। कहा कि कांग्रेस ने धर्मनिरपेक्षता से विश्वासघात किया है। भाजपा ने हिंदुत्व के अपने दावों को धोखा दिया है। सपा और बसपा ने जाति और पहचान की राजनीति को और गहरा किया है। इन चारों में से किसी ने भी देश को वास्तविक विकल्प नहीं दिया। ससपा इस स्थिति को बदलेगी। यूपी में कानून का राज नहीं, बुलडोजर का राज चल रहा है। बुलडोजर को कानून-व्यवस्था का पर्याय बना दिया गया है। बुलडोजर न्याय नहीं है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रितु राठौर, वीरेन्द्र दुबे भी मौजूद थे।
भारत पुनर्निर्माण योजना: चार आधार
कामधेनु भारत की समृद्धि का सभ्यतागत प्रतीक है। SSP की भारत पुनर्निर्माण योजना कामधेनु के चार पैरों के प्रतीक रूप में चार आधारों पर टिकी है:
सभी के लिए सर्वोत्तम गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क शिक्षा।
सभी के लिए सर्वोत्तम गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा।
सभी के लिए आजीविका।
भारत को उसकी सभ्यतागत पहचान से पुनः जोड़ना।
अन्य प्रमुख प्रतिबद्धताएं
समाज को बांटने वाले कानूनों का अंत: अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, UGC विनियमों तथा पहचान को हथियार बनाकर सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने वाले कानूनों को निरस्त करना।
युक्त-आरक्षण: व्यापक समीक्षा के बाद जाति आधारित आरक्षण समाप्त करना और उसके स्थान पर युक्त-आरक्षण अर्थात् आवश्यकता आधारित आरक्षण लागू करना।
गोमाता को उचित सम्मान: गोमाता को राज्य माता और राष्ट्रमाता घोषित करना।
परिवार की रक्षा: परिवार को समाज की आधारभूत संस्था के रूप में मान्यता देना, परिवार आयकर (Family Income Tax) लागू करना और परिवार को कमजोर करने वाले कानूनों को निरस्त करना।
किसानों की आय की गारंटी: किसानों को प्रति एकड़ न्यूनतम सुनिश्चित आय देना। यदि वास्तविक खेती करने वाले किसान की आय निर्धारित मानक से कम रहती है, तो उस अंतर की भरपाई सरकार करेगी।
आगरा को उद्योग, निवेश और रोजगार चाहिए—प्रतिबंध नहीं!
श्री राव ने कहा: “ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के प्रतिबंधों ने नए उद्योगों की स्थापना रोक दी है और मौजूदा उद्योगों के विस्तार को बाधित कर दिया है। आगरा की अर्थव्यवस्था ठहर गई है। इसका खामियाजा यहां के युवाओं को रोजगार और अवसरों के अभाव में भुगतना पड़ रहा है। क्या ताजमहल की रक्षा का अर्थ आगरा के भविष्य की बलि देना है? क्या पर्यावरणीय प्रतिबंधों के नाम पर हमारे युवाओं को रोजगार से वंचित रखा जाएगा? SSP गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों तथा प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों से युक्त उद्योगों की स्थापना की अनुमति प्राप्त करने के लिए कड़े पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के अधीन माननीय सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। युक्त-आरक्षण: व्यापक समीक्षा के बाद जाति-आधारित आरक्षण समाप्त करना और उसके स्थान पर युक्त-आरक्षण अर्थात् आवश्यकता-आधारित आरक्षण लागू करना गोमाता को उचित सम्मान: गोमाता को राज्य माता और राष्ट्रमाता घोषित करना।