फिरोजाबादलीक्स…दुखद, बारात में दूल्हे की बग्गी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई. दो बैंडकर्मी और दो घोड़ों की मौत..दूल्हा कूदकर भागा..
फिरोजाबाद में दर्दनाक घटना हुई है. यहां शनिवार रात को बारात निकल रही थी लेकिन उसकी बग्गी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई. जिसमें से फैले विद्युत करंट की चपेट में आने से दो बैंडकर्मियों और बग्गी में लगे दो घोटों की मौत हो गई. घटना के समय दूल्हा तेजी से बग्गी से कूदकर बचा. हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और अफरातफरी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए हैं वहीं घायल एक और बैंडकर्मी को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया.
घटना फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज के रांव रोड स्थित दौलतपुर बैजुआ गांव की है. मथुरा के फरह से यहां बारात आई थी. बारात के लिए सिरसागंज के न्यू जनता बैंड को बुक किया गया था. गांव के प्राथमिक स्कूल के पास से बारात चढ़ी और वह कुछ ही आगे बढ़ी थी कि इसी दौरान घोड़ा बग्गी में लगी सजावटी सुर्री ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन से छू गई. करंट दौड़ते ही दूल्हा तेजी से बग्गी से कूद गया जिससे वह बाल बाल बच गया लेकिन करंट की चपेट में आकर बैंड गायब अकील निवासी नगला राधे सिरसागंज और मियां बाजार का रहने वाला लाइट लेकर चल रहा पप्पू सिद्दीकी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बग्गी में लगे दोनों घोड़ों ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया. इसमें श्याम नगर सिरसागंज का रहने वाला एक और बैंडकर्मी विवेक गंभीर रूप से झुलस गया.
घटना के बाद बारातियों में अफरातफरी और चीख पुकार मच गई. सूचना पर दुल्हन पक्ष के लोग और थाना पुलिस भी पहुंच गई. दूल्हन पक्ष ने दूल्हे को सुरक्षित विवाह स्थल पहुंचाया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को मोर्चरी भिजवाया है और विवेक को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है.