फिरोजाबादलीक्स…दुल्हन के सामने युवती को कमरे में ले गया दूल्हा, आधे घंटे तक साथ खिंचाता रहा फोटो. नाराज दुल्हन ने तोड़ दी शादी….थाने पहुंच गया मामला
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक हैरान करने वाले मामले में दुल्हन ने दूल्हे के साथ शादी करने से इनकार कर दिया. दूल्हे की एक हरकत से दुल्हन इस कदर नाराज हो गई कि वह शादी न करने की जिद पर अड़ गई. मामला थाने पहुंच गया जहां दूल्हा और दुल्हन पक्ष दोनों पहुंचे. समझौता का प्रयास किया जा रहा है.
ये है मामला
देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार रात को फिरोजाबा के थाना उत्तर क्षेत्र के बोद्याश्रम रोड स्थित गोपाल मैरिज होम में शादी थी. यहां द्वारिकापुरी निवासी आकाश की शादी एटा की रहने वाली युवती के साथ हो रही थी. शादी में हर्ष और उल्लास छाया हुआ था. जयमाला की रस्म भी धूमधाम के साथ हुई और इसके बाद दूल्हा दुल्हन फोटोेसेशन के लिए कमरे में पहुंचे. दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे ने दोनों कैमरामैन को कमरे से बाहर भेज दिया और दूसरी युवती को अंदर बुला लिया. इसके बाद करीब आधे घंटे तक कमरे में वह उसके साथ फोटो खिंचाता रहा. दूल्हे की इस हरकत से दुल्हन भड़क गई और उसने शादी की बाकी रस्में निभाने से इनकार कर दिया. परिजनों ने काफी देर तक दुल्हन को समझाने का प्रयास किया लेकिन दुल्हन नहीं मानी. दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई जिसके बाद मैरिज होम में देर रात तक हंगामा होता रहा. इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए. पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर काउंसलिंग की. समझौते का प्रयास चलता रहा.