आगरालीक्स…आगरा में घात लगाकर लौटी बारात पर लाठी डंडों से हमला. बच्चों की सीट को लेकर हुए विवाद ने कराया खूनी संघर्ष. पांच घायल
आगरा में लौटी बारात पर घात लगाकर लाठी डंडों से हमले की घटना को अंजाम दिया गया है. शादी समारोह से लौटी बारात की बस को ट्रांसयमुना क्षेत्र के शाहदरा स्थित विकास नगर में घेरकर हमला कर दिया गया. बस में बच्चों के बीच सीट पर बैठने को लेकर विवाद हुआ था जिसमें एक पक्ष ने अपने साथियों को यहां बुला लिया. आरोपी हमलावरों ने लाठी डंडों और सरियों से ताबड़तोड़ प्रहार किए. हमले में पांच लोग छत्रपाल, लोकेश, गौरव और योगेश व एक अन्य घायल हुए हैं. सभी को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया.
ये है पूरा मामला
विकास नगर में रहने वाले छत्रपाल अपने मामा के लड़के की शादी में परिवार के साथ गए थे. शादी समारोह के बाद बारात के लौटते समय बस में बच्चों के बीच सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में उनकी कहासुनी बुआ के लड़के निरंजन से हो गई. इसी बात को लेकर बच्चों के पिता पवन और योगेश के बीच विवाद बढ़ गया. दोनों पक्षों ने एक दूसरे को बस के रुकते ही देख लेने की धमकी दी. आरोप है कि बस में मौजूद पवन ने अपने साथियों को शाहदरा में बारात पहुंचने की सूचना दी.
रविवार सुबह करीब चार बजे बारात की बस विकास नगर पहुंची तो यहां बघेल डेयरी के पास मौजूद निरंजन, टिंकू, पवन व बंटी और अन्य ने उन्हें घेर लिया और इसके बाद लाठी डंडों व लोहे की सरिया से हमला बोल दिया. मारपीट से मौके पर चीख पुकार मच गई. हमले में छत्रपाल, लोकेश, गौरव, टीनू और अभिषेक लहुलुहान हो गए. पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. दोनों ही पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं.