फिरोजाबादलीक्स….भाभी से एकतरफा प्यार. किसी भी कीमत पर पाना चाहता था ममेरा देवर. मना किया तो कर दी हत्या…पत्नी की लाश देख पति की निकल गई चीख..
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां भाभी से एकतरफा प्रेम में पागल देवर उसे किसी भी कीमत पर पाना चाहता था. वह साथ भाग चलने का दबाव बना रहा था. महिला ने मना किया तो बुरी तरह से पीटा और फिर गला घोंट दिया. सुबह पति जब काम पर से घर लौटा तो रसोई में पत्नी की लाश देख उसकी चीख निकल गई. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई. छह साल की बेटी ने आरोपी के घर आने और मां से झगड़ा होने की जानकारी दी. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है.
रसोई में थी पत्नी की लाश
घटना थाना नारखी के गांव कपावली ठार की है. यहां गौरव अपनी पत्नी तनु शर्मा, तीन बेटियां और मां रानी देवी के साथ रहता है. गौरव शादी समारोह में सजावट का काम करता है. उनकी मां रानी देवी अपने मायके गई हुई थीं. घर पर पत्नी तनु और तीन बेटियां थीं. शुक्रवार को गौरव शादी में सजावट के काम पर गया था. सुबह पांच बजे जब वह वापस घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था. उसने काफी आवाज दी जिसके बाद छह साल की बेटी सोम्या ने दरवाजा खोला. गौरव अंदर गया तो रसोई में पत्नी तनु की लाश थी. यह देखते ही उसकी चीख निकल गई. तनु के गले और चेहरे पर चोट और नाखुनों के निशान थे. पिटाई के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी. महिला की मौत की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी आ गई.
एकतरफा प्यार करता था रोहित
छह साल की बेटी सोम्या ने बताया कि शुक्रवार रात को सिरसागंज के गांव गुड़िया टिकुर में रहने वाला ममेरा देवर रोहित घर आया था. उसका मां के साथ झगड़ा हुआ था. रोहित ने उसे और उसकी दोनों बहनों परी और तीन माह की आराध्या के साथ कमरे में सोने के लिए भेज दिया. पति गौरव ने बताया कि रोहित पत्नी से एकतरफा प्यार करता था. वह पत्नी पर घर से भागने के लिए दबाव बनाता था और फोन करके परेशान करता था. पत्नी के अकेले होने की जानकारी होने पर वह यहां आया और पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस ने गौरव की तहरीर पर आरोपी रोहित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. महिला के फोन की सीडीआर जांच में दोनों के बीच बात होने की की बात सामने आई है. पुलिस आरोपी की तलाश के लिए दबिश दे रही है.