आगरालीक्स… कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को सुपरमून और शनि की तीसरी दृष्टि का महासंयोग, उच्च राशि और कृतिका नक्षत्र में चंद्रदेव, जानें इस बार क्यों है खास ?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 23 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 42 मिनट पर होगी और इसका समापन 24 नवंबर को रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा. उदया तिथि को मानते हुए पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व भी 24 नवंबर को मनाया जाएगा. खास बात यह है कि शाम के समय दीपदान और दीप प्रज्वलित करने के दौरान पूर्णिमा तिथि विद्यमान रहेगी. इस दौरान दीपदान और भगवान शिव की पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है.
क्या होता है सुपरमून ?
ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा जी ने बताया की जब पूर्णिमा के दिन चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे नजदीकी बिंदु के आसपास होता है, तब उसे सुपरमून कहा जाता है. दरअसल, चंद्रमा पृथ्वी के चारों ओर पूरी तरह गोलाकार कक्षा में नहीं घूमता, बल्कि उसकी कक्षा अंडाकार होती है. इस वजह से पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी हर महीने बदलती रहती है. इस बार चंद्रमा 25 नवंबर को पृथ्वी के सबसे नजदीकी बिंदु पर पहुंचेगा. इस दौरान दोनों के बीच की दूरी लगभग 3,59,336 किलोमीटर रह जाएगी. चूंकि पूर्णिमा इसके ठीक एक दिन पहले है, इसलिए 24 नवंबर का पूर्ण चंद्रमा भी सुपरमून की श्रेणी में आएगा. सामान्य पूर्णिमा की तुलना में सुपरमून लगभग 13.5 प्रतिशत अधिक चमकीला दिखाई दे सकता है. इसके अलावा चंद्रमा की पृथ्वी से नजदीकी के कारण समुद्र में ज्वार की ऊंचाई भी सामान्य से कुछ अधिक हो सकती है.
अपने ही नक्षत्र में चंद्रदेव –
इस बार कार्तिक पूर्णिमा का ज्योतिषीय संयोग बेहद खास माना जा रहा है. ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा जी ने बताया की वैदिक ज्योतिष के अनुसार, पूर्णिमा के दिन चंद्रमा वृषभ राशि में लगभग 8 डिग्री पर स्थित रहेंगे. इस दौरान चंद्रमा कृत्तिका नक्षत्र में गोचर करेंगे. खास बात यह है कि 24 नवंबर की रात 11 बजकर 25 मिनट तक कृत्तिका नक्षत्र रहेंगे यानी देव दीपावली की पूरी शाम चंद्रमा कृत्तिका नक्षत्र में ही विराजमान रहेंगे. कार्तिक मास का नाम भी कृत्तिका नक्षत्र से जुड़ा हुआ है. इस नक्षत्र के स्वामी सूर्य देव हैं और इसके अधिष्ठाता देवता अग्नि माने जाते हैं. यही वजह है कि कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान और दीप प्रज्वलित करने का विशेष महत्व बताया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन जलाए गए दीपक अग्नि तत्व की उपासना और आध्यात्मिक शुद्धि का प्रतीक माने जाते हैं.
उच्च राशि में मौजूद रहेंगे चंद्रमा –
ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा जी के अनुसार, वृषभ राशि चंद्रमा की उच्च राशि है. चंद्रमा 3 डिग्री वृषभ पर अपनी उच्च अवस्था में होते हैं, जबकि 3 से 20 डिग्री तक का क्षेत्र उनका मूलत्रिकोण माना जाता है. इस बार पूर्णिमा के दिन चंद्रमा लगभग 8 डिग्री वृषभ राशि में रहेंगे. ऐसे में चंद्रमा उच्च राशि के साथ मूलत्रिकोण क्षेत्र में भी स्थित होंगे.
चंद्रमा पर शनि की तीसरी दृष्टि –
ज्योतिषाचार्य हृदय रंजन शर्मा जी के अनुसार, चंद्रमा मन, माता, मानसिक शांति, भावना, कल्पनाशक्ति के कारक ग्रह हैं. इस दौरान पूजा-पाठ, ध्यान और मंत्र जाप करने से मन को शांति मिल सकती है. हालांकि, इस पूर्णिमा पर शनि की दृष्टि भी चंद्रमा पर रहेगी. शनि देव इस समय मीन राशि में गोचर कर रहे हैं और उनकी तीसरी दृष्टि वृषभ राशि पर पड़ती है. ऐसे में चंद्रमा पर शनि का प्रभाव इस दिन को गंभीरता और अनुशासन से जोड़ता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस दिन लिए गए संकल्पों को निभाने और वाणी पर संयम रखने की विशेष सलाह दी जाती है.
अनुराधा नक्षत्र में रहेंगे सूर्य देव –
कार्तिक पूर्णिमा के दिन सूर्य देव वैदिक ज्योतिष के अनुसार वृश्चिक राशि में अनुराधा नक्षत्र में स्थित रहेंगे. अनुराधा नक्षत्र के स्वामी शनि देव हैं और इसके अधिष्ठाता देवता मित्र माने जाते हैं, जो बारह आदित्यों में से एक माने जाते हैं. मित्र देवता मित्रता, सहयोग और विश्वास के प्रतीक हैं. वहीं कृत्तिका नक्षत्र अग्नि तत्व और शुद्धिकरण से जुड़ा हुआ है. ऐसे में चंद्रमा का कृत्तिका नक्षत्र और सूर्य का अनुराधा नक्षत्र में होना ज्योतिषीय दृष्टि से विशेष संयोग बनाता है. इसे पुरानी नकारात्मकताओं को छोड़कर रिश्तों, संकल्पों और आध्यात्मिक साधना को मजबूत करने का प्रतीकात्मक समय माना जा सकता है।