आगरालीक्स:…आगरा में छह राज्यों के एनएसएस के स्वयंसेवक आए हुए हैं, 200 स्व्यंसेवकों में से 40 का चयन गणतंत्र दिवस परेड के लिए होना है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) क्षेत्रीय निदेशालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड), लखनऊ तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर (मध्य क्षेत्र)-2026 के दूसरे दिन विभिन्न शैक्षणिक, बौद्धिक, शारीरिक प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। छह राज्यों से आए एनएसएस स्वयंसेवकों ने अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक विविधता का प्रभावशाली परिचय दिया। उत्तराखंड के स्वयंसेवकों द्वारा प्रभात फेरी से हुआ। योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का अभ्यास किया। दिन के अगले चरण में परेड, कदमताल एवं ड्रिल का सघन अभ्यास कराया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकाग्रता और सामूहिक समन्वय का परिचय दिया। राष्ट्रीय स्तर के शिविर का आयोजन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं प्रभावी समन्वय में किया जा रहा है। उनके निर्देशन में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश से आए स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण, आवास, भोजन, परेड एवं ड्रिल अभ्यास, सांस्कृतिक गतिविधियों सहित समस्त व्यवस्थाओं का सुव्यवस्थित संचालन किया जा रहा है।
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला
शिविर के अंतर्गत आयोजित बौद्धिक सत्र की अध्यक्षता एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ के निदेशक समरदीप सक्सेना ने की। इस अवसर पर युवा अधिकारी राजेश तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सत्र में मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के नवनिर्माण की आधारशिला स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा शक्ति है। उन्होंने युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, इसके विभिन्न मनोवैज्ञानिक कारणों तथा नशे की समस्या के समाधान में मनोचिकित्सकों की संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।