आगरालीक्स...आगरा में डॉ. जयसिंह ‘नीरद’— एक नाम, विविध आयाम, साहित्य विमर्श एवं नागरिक अभिनंदन समारोह 29 को, माधुर्य संस्था ने पोस्टर किया जारी
साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था माधुर्य द्वारा आगरा के वरिष्ठ साहित्यकार और शिक्षाविद् डॉ. जयसिंह नीरद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित भव्य कार्यक्रम “डॉ. जयसिंह नीरद, एक नाम: विविध आयाम – साहित्य विमर्श एवं नागरिक अभिनंदन समारोह” का आयोजन 29 नवम्बर, रविवार को दोपहर 1 बजे से खंदारी स्थित सेठ परमचंद जैन इंस्टीट्यूट में किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में डॉ. नीरद की विभिन्न साहित्यिक कृतियों का अनुशीलन करते हुए देश-प्रदेश के विद्वान साहित्यकार उनका विवेचन करेंगे और अपने व्याख्यान देंगे। साथ ही उनके उपन्यास ‘नरक के सींग’ पर आधारित नाटक का शहर के रंगकर्मियों द्वारा मंचन होगा। उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर केंद्रित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी होगा। डॉ. नीरद की चार नवीन कृतियों का लोकार्पण भी होगा।इस अवसर पर विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं द्वारा साहित्य क्षेत्र में उनके योगदान पर उनका नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा।
यह जानकारी मंगलवार को माधुर्य के राजदीप एंक्लेव फेस टू, दयालबाग स्थित कार्यालय पर संस्था की संस्थापक अध्यक्ष निशिराज, संरक्षक डॉ. राजेंद्र मिलन, संरक्षक आदर्श नंदन गुप्ता, सचिव सुधा वर्मा, कोषाध्यक्ष राजकुमार जैन और दुर्गेश पांडेय ने प्रदान की। इस अवसर पर जन जागरूकता की दृष्टि से सभी ने मिलकर समारोह के पोस्टर का विमोचन भी किया।
इस दौरान रचनाकार डॉ. जयसिंह नीरद, रंगकर्मी पीयूष जैन, गिरधारी लाल शर्मा, संदीप अरोड़ा और कुमार ललित सहित संस्था के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्था ने सभी साहित्यप्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।