आगरालीक्स… आगरा में भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा पर मारपीट और डकैती की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर भाजपा से ही पार्षद अमित ग्वाला के प्रतिनिधि ने मारपीट और चेन छीनने का आरोप लगाया है। इस मामले में भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा का कहना है कि आरोप गलत हैं।
आगरा में शुक्रवार को बल्केश्वर पार्क में नगर निगम के मुख्य अभियंता तरुण शर्मा निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां भाजपा पार्षद अमित अग्रवाल ग्वाला का पार्क के सामने कार्यालय है। पार्षद के प्रतिनिधि मोहित मित्तल निवासी लोहिया नगर का आरोप है कि बल्केश्वर पार्क में नगर निगम के मुख्य अभियंता निरीक्षण को आए थे। वहीं उन्होंने कुछ फाइलें मंगाई थी। पार्षद के कहने पर वह फाइलें लेकर गेट के पास गया था। अभियंता वहां से चले गए, तभी भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा अपने भाई शशांक प्रभाकर उर्फ श्याम, रिंकू, छोटे व अन्य चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ आईं और उससे मारपीट कर दी। कार्यालय की फाइलों को छीन लिया और चेन भी छीन ली। इस मामले में मोहित मित्तल की तहरीर पर भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा सहित अन्य पर धारा 395, 323, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पार्षद ने लगाया धमकी का आरोप, एनसीआर दर्ज
वहीं, भाजपा पार्षद अमित ग्वाला का आरोप है कि घटना के बाद भाजपा नेत्री ने फोन पर धमकी दी कि उनके ऊपर महिला अपराध का मुकदमा दर्ज करवा देंगी और राजनीति भुला देंगी।
इस मामले में पार्षद की तहरीर पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है। इस मामले में मीडिया से भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा का कहना है कि मारपीट प्रकरण से मेरा कोई भी लेना देना नहीं है। मेरा नाम कैसे आया, मुझे जानकारी नहीं है। बल्केश्वर पार्क के लिए वे लंबे समय से काम कर रही हैं। कुछ लोग राजनीति कर विकास कार्य रोकना चाहते हैं। इस वजह से पार्षद को फोन किया था। धमकी देने की बात गलत है।
पार्षदों ने मेयर से जताया विरोध
इसके विरोध में देर शाम भाजपा के पार्षद नेहा गुप्ता, दीपक अग्रवाल, हरीओम बाबा, सविता अग्रवाल, मुकुल गर्ग इकट्ठे होकर मेयर नवीन जैन के पास पहुंचे और विरोध जताया। मेयर ने नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करवाने की बात कही।