आगरालीक्स… आगरा में डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को हटाकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन ने जवाब दे दिया है, डीएम, आगरा गौरव दयाल द्वारा निदेशक संस्क्रत निदेशालय, लख को भेजे पत्र में कहा है कि नगर निगम की रिपोर्ट और कानून व्यवस्था को देखते हुए नगर निगम परिसर से डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को न हटाए जाने की संस्तुति की जाती है। वहीं, नगर निगम बोर्ड द्वारा नगर निगम पार्क में आंबेडकर की दोनों प्रतिमाओं को हटाए बिना पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति स्थापित करने के लिए प्रस्ताव पारित होता है तो जिला प्रशासन को आपत्ति नहीं है।
ये है मामला
आगरा से भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने 15 दिसंबर 2017 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि नगर निगम परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की दो प्रतिमा लगी हैं। आंबेडकर की एक प्रतिमा को वहां से हटाकर अन्य किसी उपयुक्त स्थान स्थापित करने और उस स्थान पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की थी।
विधायक की इस मांग पर उप निदेशक, संस्कृति निदेशालय अजय कुमार अग्रवाल ने 24 अप्रैल 2018 को जिलाधिकारी और एसएसपी से रिपोर्ट मांगी थी। ये मामला सामने आने पर नगर निगम में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सदन में प्रस्ताव आएगा, उसके बाद ही आगे की कार्यवाही होगी। मेयर नवीन जैन ने परिसर में दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने से स्पष्ट इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वे किसी तरह का विवाद नहीं चाहते हैं, पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा अन्य किसी उपयुक्त स्थान पर लगाई जाएगी।
डीएम और एसएसपी ने भेजी रिपोर्ट
संस्कृति निदेशालय को डीएम गौरव दयाल और एसएसपी अमित पाठक ने अपनी रिपोर्ट भेज दी है। इसमें कहा गया है कि नगर निगम में 50 वाई 50 मीटर का पार्क है, इसके दक्षिण और पश्चिम दिशा में डॉ भीमराव आंबेडकर की दो प्रतिमाएं हैं। ये प्रतिमाएं 81 पार्षदों के सहयोग से स्थापित की गईं थी, इसमें से एक प्रतिमा को हटाया जाता है तो तो उनके साथ ही डॉ भीमराव आंबेडकर के प्रति विशेष रूप से आस्था रखने वाले समुदायों द्वारा विरोध किया जाएगा। ऐसे में नगर निगम की आख्या और कानून व्यवस्था को देखते हुए डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को नहीं हटाए जाने की संस्तुति की जाती है।
लगाई जा सकती है पंडित दीदयाल उपाध्याय की प्रतिमा
डीएम ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि नगर निगम बोर्ड द्वारा नगर निगम पार्क में आंबेडकर की दोनों प्रतिमाओं को हटाए बिना पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति स्थापित करने के लिए प्रस्ताव पारित होता है तो जिला प्रशासन को आपत्ति नहीं है।
