आगरालीक्स.. आगरा में आज शाम को सपना चौधरी आ रही हैं, वे एक होटल में कारपोरेट कार्यक्रम में शामिल होंगी, उनके आगरा आने की खबर के बाद से लोग उनके कार्यक्रम की जानकारी जुटाने में लग गए हैं।
आगरा कॉलेज ग्राउंड पर पूर्व में प्रस्तावित सपना चौधरी के कार्यक्रम को प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से निरस्त कर दिया था, इसके बाद से सपना चौधरी के प्रशंसक उनकी आगरा में परफोर्सेंस का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में 17 नवंबर यानी शनिवार को पी एंड एम मूवीज के पवन चावला ने अपनी फेसबुक बॉल पर सपना चौधरी के 17 नवंबर को आगरा में कारपोरेट इवेंट में शामिल होने की पोस्ट डाली है। यह पोस्ट कुछ ही देर में वायरल हो गई, लोग जानकारी जुटाने लग गए हैं कि सपना चौधरी की प्रस्तुति कहां होगी।

अक्टूबर में सपना के दो कार्यक्रम हुए निरस्त
‘तेरी आख्या का यो काजल’ से धूम मचाने के लिए तैयार सपना चौधरी का 27 अक्टूबर को आगरा में कार्यक्रम था लेकिन इस कार्यक्रम की भी अनुमति नहीं दी गई है। इससे पहले 15 अक्टूबर को सपना चौधरी के कार्यक्रम की प्रशासन ने अनुमति देने के बाद अंतिम समय पर निरस्त कर दी थी। सपना चौधरी को आगरा से लौटना पडा था।
सपना चौधरी का एक और कार्यक्रम 27 अक्टूबर को प्रस्तावित था, यह कार्यक्रम भी आगरा कॉलेज ग्राउंड पर होना है। इसके लिए डिग डांस कंपनी के राहुल कुमार ने एडीएम सिटी केपी सिंह के पास अनुमति के लिए आवेदन किया था, इसकी रिपोर्ट पुलिस से मंगाई गई। एडीएम सिटी का मीडिया से कहना है कि प्रशासन को कार्यक्रमों से परहेज नहीं है, लेकिन शांति व्यवस्था में खलल नहीं होने दिया जाएगा। सपना चौधरी के कार्यक्रम की अनुमति न देने की जानकारी आवेदक को दे दी गई है।
लाइव प्रस्तुति से 3 घंटे पहले सपना का शो निरस्त
15 अक्टूबर 2018 को आगरा में डांसर सपना चौधरी का कार्यक्रम आखिरकार रद्द कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल आगरा कॉलेज ग्राउंड में सपना चौधरी का कार्यक्रम निरस्त करने का नोटिस चस्पा कर दिया है। शाम तक सपना चौधरी के कार्यक्रम को लेकर संशय बना रहा, इस बीच सपना चौधरी के आगरा पहुचने की खबर चलती रही।जिला प्रशासन ने 4 अक्टूबर को सपना चौधरी के कार्यक्रम की अनुमति दी थी, इसे सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रद्द कर दिया है।