आगरालीक्स.. आगरा रीजन में एक साल की बच्ची के ऊपर से ट्रेन निकल गई, रेलवे स्टेशन पर चीख पुकार मच गई, ट्रेन गुजरने के बाद लोग दौडते हुए ट्रैक पर पहुंचे, बच्ची के खरोंच तक नहीं आई।
आगरा मंडल के मथुरा रेलवे जंक्शन पर मंगलवार को मेवाती मोहल्ला निवासी सोनू
अपनी पत्नी रानो और तीन साल की बच्ची रायना, एक साल की बच्ची साहिबा के साथ ससुराल जाने के लिए झांसी के लिए निकले। उसने समता एक्सप्रेस का टिकट लिया और ट्रेन पकड़ने को प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंच गया। ट्रेन पहुंचते ही सोनू ने अपनी पत्नी रानो और दोनों बच्चियों को जनरल बोगी में चढ़ा दिया। इसी दौरान किसी ने सोनू की जेब काट ली, इसे देख सोनू ने पत्नी रानो को आवाज लगाई और ट्रेन से उतरने के लिए कहा।
ट्रेन से उतरते ही साहिबा ट्रैक पर गिरी
रानो ने अपनी एक साल की बेटी साहिबा को गोद में ले लिया था और तीन साल की बेटी रायना का हाथ पकड लिया। वह ट्रेन से उतरी, इसी दौरान उसके साथ से साहिबा छूट गई और प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच की जगह में साहिबा नीचे ट्रैक पर गिर गई, इसी दौरान ट्रेन चलने लगी।
स्टेशन पर मची चीख पुकार
ट्रैक पर एक साल की बच्ची के गिरने और उसके ऊपर से ट्रेन को गुजरता देख स्टेशन पर चीख पुकार मच गई, बडी संख्या में यात्री पहुंच गए।
खरोंच तक नहीं आई
ट्रेन के गुजरने के बाद यात्री ट्रैक पर पहुंचे, ट्रैक से साहिबा को उठा लिया, रेलवे पुलिस कर्मी भी पहुंच गए लेकिन साहिबा को खरोंच तक नहीं आई। इसके बाद राधे राधे के जयकारे लगने लगे।