आगरालीक्स ..आगरा के थाने से तीन रिवाल्वर और 67 जिंदा कारतूस चोरी होने से पुलिस महकमे में हडकंप मचा हुआ है। रिवाल्वर और कारतूस थाने के सुरक्षित शस्त्रागार में रखे हुए थे, सुबह रिवाल्वर और कारतूस के शास्त्रागार में नहीं मिले, पुलिस अधिकारी मामले की छानबीन में जुट गए हैं। थाने पर तैनात पुलिस कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।
आगरा के सिकंदरा थाने के शस्त्रागार में रिवाल्वर और कारतूस रखे हुए थे, शस्त्रागार से तीन रिवाल्वर और 67 कारतूस गायब थे। इतनी बडी संख्या में रिवाल्वर और कारतूस न मिलने पर पुलिस कर्मियों से पूछताछ की गई, डयूटी पर तैनात पुलिस कर्मी और होमगार्ड से पूछताछ के बाद भी रिवाल्वर और कारतूस का पता नहीं चला है।
पुलिस अधिकारी जांच में जुटे
एक दिन पहले चोरी हुई रिवाल्वर और कारतूस
सिकंदरा थाने डबल लॉकर शस्त्रागार है। इसमें थाने के असलाह दो लॉक में बंद रहते हैं। इंस्पेक्टर सिकंदरा अजय कौशल ने गुरुवार शाम एएसपी अभिषेक को शस्त्रागार से असलाह गुम होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस लाइन से बुलाए गए एक्सपर्ट से शस्त्रागार की गणना कराई गई, इसमें तीन रिवॉल्वर और 67 कारतूस कम निकले। थाने से इतनी संख्या में असलाह और कारतूस चोरी का यह पहला मामला था।
दर्ज कराया जा रहा मुकदमा
एसएसपी अमित पाठक अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ सिकंदरा थाने पहुंचे। शस्त्रागार का निरीक्षण किया। इसके बाद थाने में तैनात सभी पुलिस कर्मियों और होमगार्ड से अधिकारियों ने पूछताछ की। क्राइम ब्रांच समेत शहर के लगभग सभी थानेदारों को असलाहों की तलाश में लगा दिया। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि थाने के शस्त्रागार से रिवॉल्वर और कारतूस चोरी हुए हैं। एसपी सिटी को मामले की जांच दी गई है। इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
थाने के सीसीटीवी हैं बंद
थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मगर, ये कब से बंद हैं? यह किसी को पता नहीं। इसलिए इनसे कोई सुराग नहीं मिला।