आगरालीक्स …आगरा का संजली हत्याकांड पुलिस के खुलासे के बाद भी गर्मा रहा है, जाटव महापंचायत और संजली के पिता ने हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। साथ ही संजली के परिजनों को एक करोड रुपये और एक सदस्य को नौकरी दिलवाने की मांग उठाई गई है।
आगरा में 18 दिसंबर को मलपुरा के गांव लालऊ में स्कूल से लौटते समय 10 वीं की छात्रा संजली पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी, उसकी 19 दिसंबर की रात को मौत हो गई थी, 20 दिसंबर को उसके तयेरे भाई योगेश ने जहर खाकर सुसाइड कर ली थी। इस मामले में 25 दिसंबर को एसएसपी अमित पाठक ने संजली को जिंदा जलाने में योगेश, उसके मामा के लडके विजय और रिश्तेदार आकाश को आरोपी बनाया है। योगेश की मौत हो चुकी है, विजय और आकाश जेल में हैं। लेकिन पुलिस के खुलासे पर परिजन सवाल उठा रहे हैं।
जाटव महापंचायत में एक करोड मुआवजे की मांग
रविवार को जाटव समाज की महापंचायत रकाबगंज थाना क्षेत्र के चक्की पाट में हुई। पंचायत में संजली के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग पुरजोर आवाज के साथ उठाई गई। इसके अलावा मामले की जांच सीबीआई से कराने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी दोहराई गई। पंचायत में विभिन्न वक्ताओं ने पुलिस पर राजनीतिक दबाव में गलत पर्दाफाश करने का आरोप लगाया।
भाजपा विधायक के न पहुंचने पर उखडे लोग
समाज की महापंचायत में नहीं पहुंचने पर बीजेपी विधायक डॉ. जीएस धर्मेश को आडे हाथ लिया। इधर दूसरी ओर पंचकुइया में संजली हत्याकांड न्याय मोर्चा ने शोक सभा कीत्र सभा में संजली के माता पिता सहित आरोपित योगेश के माता पिता भी शामिल रहे।यहां भी सीबीआइ जांच की मांग को उठाया गया।