आगरालीक्स …आगरा में 68500 पदों के लिए आयोजित सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में एक सॉल्वर और एक नकलची पकडा गया है, पेपर आउट होने की फर्जी सूचना पर टीम ने महिला परीक्षार्थी की जांच की लेकिन सूचना फर्जी निकली।
आगरा के 65 केंद्रों पर सुबह 11 से दोपहर 1 30 बजे तक सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई, इसमें 1846 परीक्षार्थी अनुपस्थित हुए, परीक्षा में 31808 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। परीक्षा केंद्र आरबीएस इंटर कॉलेज में पुलिस ने एक फर्जी अभ्यर्थी को पकड़ लिया। प्रधानाचार्य डॉ. यतेंद्र पाल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर थाना हरीपर्वत ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी बनवारी लाल मीणा पुत्र ताराचंद्र निवासी गांव कूंडला, राजगढ़, अलवर (राजस्थान) है। वह सुखवीर सिंह निवासी बड़ा गांव, बाह के नाम पर परीक्षा देने आया था। आरोपी के पास से वोटर कार्ड मिला है। पुलिस ने उससे एक घंटे तक पूछताछ की। उसने अभ्यर्थी से 50 हजार में परीक्षा में पास कराने का ठेका लिया था।
एक नकलची पकडा
पंचकुइयां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में एक अभ्यर्थी नकल करते हुए पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर थाना शाहगंज ने बताया कि अभ्यर्थी राजकुमार निवासी नगला नाहर, फिरोजाबाद है। वो परीक्षा के दौरान नकल कर रहा था। शक होने पर उसकी तलाशी ली गई। उसके कपड़े और मोजे में दो पेपर मिले, जो कि गाइड के थे। उन पर प्रश्न उत्तर लिखे हुए थे।
सोशल मीडिया पर उडी अफवाह
वहीं परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ गई कि पेपर लीक हो गया। मीडिया को परीक्षा नोडल प्रभारी एडीएम सिटी केपी सिंह ने बताया कि पेपर लीक होने का कोई मामला नहीं है। एक दो अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा संपन्न होने के बाद प्रश्न पत्र अपने साथ ले गए की बात सामने आई है, जिन्हें ट्रेस किया जा रहा है।