आगरालीक्स …आगरा में भगवान के दरबार में डॉक्टरों ने मरीजों की नब्ज टटोली, उन्हें हेल्दी रहने के टिप्स दिए, कल्याणकारी महिला समिति द्वारा लगाए गए शिविर में शहर के चिकित्सकों ने परामर्श दिया।
समाजसेवा में अग्रणी संस्था कल्याणकारी महिला समिति की ओर से गुरूवार को नेहरू नगर स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में महिलाओं और बच्चों के लिए मेगा हैल्थ कैंप आयोजित किया गया। इसमें शहर के जाने-माने चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही मरीजों की आवश्यक जांचें व दवाएं भी मुफ्त प्रदान की गईं। सर्वप्रथम शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीआईजी लव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। मानवसेवा की प्रवृत्ति को सराहते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि यह शिविर भगवान के दरबार में आयोजित है और धरती के भगवान कहे जाने वाले डाॅक्टर यहां मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि डाॅक्टर अपने अस्पतालों या क्लीनिकों में इतने व्यस्त होते हैं कि उनके पास समय का अभाव रहता है, लेकिन गरीब और निर्धन वर्ग के इस तरह के शिविर में उनकी मौजूदगी मानवता को जीवित रखती है।

शिविर संयोजिका डा. पारूल अग्रवाल ने बताया कि यह शिविर विशेष तौर पर महिलाओं और बच्चों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि एक महिला ही है जो अपने परिवार का ध्यान रखती है लेकिन खुद को सबसे बाद में गिनती है। खाना खाने की बात हो तो सबसे आखिर में खाती है। परिवार की सेहत का ध्यान रखती है, लेकिन अपनी सेहत को भूल जाती है। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि हम कुछ समय कामकाजी महिलाओं की सेहत सुधार के लिए निकालें। समिति अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि शिविर का लाभ तकरीबन 500 महिलाओं और उनके साथ आए बच्चों को मिला। इसमें ज्यादातर वे महिलाएं हैं जो घरों में खाना बनाने या साफ-सफाई का काम करती हैं। यह महिलाएं अपने बच्चों को भी साथ लेकर आई हैं। ज्यादातर बच्चों को खान-पान और मौसम संबंधी परेशानियां थीं, जिन्हें डाॅक्टरों ने देखा है। उनकी माताओं को देखभाल के प्रति सचेत किया है। महिलाओं और बच्चों दोनों की ही आवश्यक जांचें की गई हैं और साथ ही दवाएं भी निःशुल्क प्रदान की गई हैं। उन्होंने कल्याणकारी समिति के कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
समिति कीं सचिव रीना गर्ग और कोषाध्यक्ष सविता पालीवाल ने बताया कि शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. संजय चतुर्वेदी, बाल रोग विशेषज्ञ डा. निखिल चतुर्वेदी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. निखिल गुप्ता, नाक-कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डा. रितु गुप्ता, कैंसर सर्जन डा. संदीप अग्रवाल, दंत रोग विशेषज्ञ डा. दिव्यांग दयाल एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. शुभ्रा गोयल एवं डा. स्मिता नागर ने मरीजों को सेवाएं प्रदान कीं।

संचालन नीलू गर्ग ने किया। संगम सिंघल ने अतिथियों एवं चिकित्सकों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विमला असोपा, शीला खंडेलवाल, शशि गोयल, नीलिमा पाटनी, अंजुल सिंघल आदि समिति सदस्याएं मौजूद रहीं।