आगरालीक्स …आगरा में स्कूटी की चेकिंग में पुलिस ने 20 लाख रुपये कैश पकडा है, यह कैश एक बिल्डर का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है, बिल्डर से भी पूछताछ की जा रही है।
लोकसभा चुनाव में पैसे से वोट ना खरीदे जाएं, इसके लिए चेकिंग की जा रही है, 50 हजार से अधिक कैश के दस्तावेजों की जांच टीमें कर रही हैं। ऐसे में आगरा में बुधवार को लेडी लॉयल महिला चिकित्सालय के बाहर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, उन्होंने एक स्कूटी सवार युवकों को रोक लिया। स्कूटी की डिग्गी से बीस लाख की नकदी बरामद हुई। स्कूटी सवार युवकों के नाम मोहम्मद संजू और विक्की बताए गए हैं।
बिल्डर का कैश लेकर जा रहे थे युवक
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह बिल्डर के कर्मचारी हैं। किनारी बाजार में ये रकम देने जा रहे थे। फोन पर ही रकम देने के बारे में बताया जाता है। रकम से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इस पर फ्लाइंग स्क्वायड ने रकम को जब्त कर लिया। इस रकम के लिए आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है।