आगरालीक्स …आगरा में धीमी गति से चल रहे आगरा उत्तर विधानसभा का प्रचार 17 मई को थम जाएगा, अब जोड तोड की राजनीति शुरू हो गई है, भाजपा, सपा और कांग्रेस प्रत्याशियों की नजर एक दूसरे के कार्यकर्ताओं पर हैं।
आगरा में भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग के निधन के बाद खाली हुई आगरा उत्तर विधानसभा के लिए 19 मई को मतदान होगा, 17 मई को प्रचार थम जाएगा, इसके साथ ही शराब के ठेके और बीयर की दुकान 48 घंटे के लिए बंद कर दी जाएंगी। 19 मई को उत्तर विधानसभा का मतदान होगा। इसके लिए 18 मई की शाम को विधानसभा क्षेत्र के 438 बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच जाएंगी। मतदान से एक दिन पहले मंडी समिति के उस हिस्से को बंद कर दिया जाएगा, जहां लोकसभा चुनाव की ईवीएम रखी हुई हैं।मुख्य गेट के पास से ही उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए ईवीएम रवाना होंगी। उपचुनाव के लिए 17 मई की शाम से चुनावी शोर थम जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी भारत सिंह के अनुसार, उत्तर विधानसभा उपचुनाव के लिए फिरोजाबाद रोड स्थित मंडी समिति से ही पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
आज आएंगे उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा
प्रचार थमने से पहले भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल के प्रचार के लिए उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा आएंगे, इस दौरान अलग अलग दलों के कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो सकते हैं, बडे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। उधर, सपा, बसपा रालोद गठबंधन से सपा प्रत्याशी सूरज शर्मा के समर्थन में कार्यकर्ताओं को शामिल करने के लिए बैठकों का दौर चल रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी रणवीर शर्मा अपने प्रचार में लगे हुए हैं।