आगरालीक्स …आगरा में गलत दिशा रॉग साइड में चलने वाले वाहनों के टायर फट जाएंगे, गुरुद्वारा गुरु का ताल सहित अन्य चौराहों पर सडक में टायर किलर लगाए जा रहे हैं। जैसे ही रॉग साइड से वाहर निकलेंगे, ये टायर किलर में फंस जाएंगे और टायर फट जाएगा। वाहनों के रॉग साइड में चलने से लग रहे जाम को देखते हुए आगरा में चौराहों पर टायर किलर लगाए जा रहे हैं।
आगरा के गुरु का ताल गुरुद्वारा पर जाम लगा रहता है, यहां गलत दिशा में वाहन चलते रहते हैं, इससे एक्सीडेंट हो रहे हैं और कई लोगों की मौत हो चुकी है। इन पर सख्ती करके रोकने के प्रयास किए, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इसी तरह से गुरु का ताल गुरुद्वारा कट, यमुना किनारा रोड पर मन:कामेश्वर मंदिर के पास, सिकंदरा से रुनकता और रुनकता से सिकंदरा हाईवे के सर्विस रोड पर, वाटरवर्क्स चौराहे से कमला नगर की ओर सर्विस रोड पर गलत दिशा में वाहन चलते हैं।
टायर किलर लगाने का काम

गुरु का ताल गुरुद्वारा रोड पर दस मीटर क्षेत्र में टायर किलर लगा दिए जाएंगे। ये गलत दिशा से गुजरने वाले वाहनों को कुछ सेकेंड में ही बस्र्ट कर देंगे। सही दिशा से आने वाले वाहनों पर इससे कोई असर नहीं पड़ेगा। अभी तक यह दिल्ली समेत कई अन्य महानगरों में कुछ स्थानों पर प्रयोग किए गए हैं। इलाहाबाद में कुंभ के दौरान भी इनका प्रयोग किया गया। अब आगरा में भी टायर किलर रोड में लगाए जाएंगे। शहर में तमाम ऐसे स्थान हैं जहां पर लोग गलत दिशा में वाहन चलाते हैं। ऐसे सभी स्थानों पर टायर किलर लगेंगे। एसएसपी अमित पाठक का कहना है कि गलत दिशा में चलने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी। यातायात नियमों का पालन न करने वालों को सुधारने के लिए टायर किलर का प्रयोग किया जा रहा है। यहां पुलिस भी तैनात रहेगी।