आगरालीक्स.. आगरा में कलेक्ट्रेट में मोबाइल टावर पर मानसिक स्वास्थ्य संस्थान का कर्मचारी चढ गया है, वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं है, संस्थान के अधिकारी और पुलिस कर्मचारी को मनाने में लगे हैं लेकिन कर्मचारी ने उतरने से इन्कार कर दिया है। टावर पर दमकल कर्मी चढने लगे तो उसने कूदने की चेतावनी दे दी।
आगरा के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में संविदा पर कर्मचारी काम कर रहे हैं। कंपनी ने तीन महीने पहले 21 कर्मचारियों को निकाल दिया था, इसके बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और धरना दिया। संस्थान के अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा समझाने के बाद हडताल खत्म हो गई। मगर, उसके बाद से कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं मिल रही है।
सुबह टावर पर चढा
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान का संविदा कर्मचारी सुभाष सुबह कलक्ट्रेट पहुंचा। कलक्ट्रेट में लगे मोबाइल टावर पर वह चढ गया। उसके साथ अन्य कर्मचारी भी आए थे, कर्मचारी के टावर पर चढने के बाद भीड लग गई, साथी कर्मचारियों ने मानसिक स्वास्थ्य संस्थान से नौकरी से हटाने के कारण टावर पर चढने की जानकारी दी। इसके बाद संस्थान के निदेशक डॉ सुधीर कुमार प्रमुख अधीक्षक डॉ दिनेश राठौर को बुलाया गया। दमकल कर्मी भी पहुंच गए लेकिन कर्मचारी ने मांग पूरी न होने तक टावर से उतरने से इन्कार कर दिया। वह कह रहा है कि कोई टावर पर चढा तो वह कूद जाएगा। इससे खलबली मची हुई है।
