आगरालीक्स …आगरा की पॉश कॉलोनी में ज्वैलर के घर से लाखों की ज्वैलरी और कैश चोरी, सीसीटीवी में तीन चोर दिखाई दे रहे हैं, 15 मिनट में चोरी कर चोर फरार हो गए, पुलिस जांच में जुटी हुई है।
मऊ रोड (न्यू आगरा) स्थित सूर्य लोक कालोनी की कोठी नंबर 55 ए निवासी राहुल भदौरिया की गैलाना मार्ग पर भदौरिया ज्वैलर के नाम से दुकान है। वे तिजोरी में ज्वैलरी रख कर 28 अक्टूबर को दीपावली मनाने के लिए अपने पैत्रक गांव बाह चले गए। 29 अक्तूबर को परिवार दीपावली मनाकर गांव से लौटा तो होश उड़ गए। ताले टूटे हुए थे। तिजोरी साफ थी।
15 मिनट में ज्वैलरी और कैश चोरी
उसमें रखे करीब 572 ग्राम सोने के आभूषण, पांच किलोग्राम चांदी व 46 हजार रुपये गायब थे। पीड़ित ने न्यू आगरा थाने में सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी में तीन चोर कैद मिल गए। रात दो बजे के बाद चोर आए थे। महज पंद्रह मिनट सराफा कारोबारी के घर रुके थे। माल बटोरा और भाग गए। सराफ के मुताबिक चोरी गए सोने के जेवरातों की कीमत ही 20 लाख रुपये के आस-पास है। ढाई लाख रुपये की चांदी थी। वारदात से सराफा व्यापारी के होश उड़ा दिए हैं। परिवार को दीपावली पर बहुत तगड़ा झटका लगा है। परिवार सदमे में है।