आगरालीक्स… आगरा में बुकिंग कराने के बाद फ्लैट ना देने में फंसे बिल्डर पर शिकंजा कसेगा, अरेस्ट करने के साथ ही कुर्की के आदेश भी जारी किए जाएंगे। आईजी ने एसएसपी से पिछले एक साल में बिल्डर पर की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।
आईजी रेंज ए सतीश गणेश ने एसएसपी बबलू कुमार को पत्र लिखा है। पत्र में पूछा गया कि एक जनवरी 2018 से अब तक बिल्डरों के खिलाफ कितने मुकदमे दर्ज हुए। उनमें पुलिस ने क्या कार्रवाई की। जिन मुकदमों में चार्जशीट लगाई गई उनमें किन धाराओं को हटा दिया गया। कितने बिल्डरों पर इनाम घोषित कराया गया। कितने बिल्डरों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई। बिल्डरों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमों की समीक्षा एसएसपी खुद करें। समीक्षा के बाद अपनी जांच रिपोर्ट सात नवंबर तक आईजी रेंज को सौंपें। ताकि उसके बाद कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जाए। जिससे पीड़ितों को इंसाफ मिले। उन्हें भटकना नहीं पड़े।