आगरालीक्स… आगरा में रोडरेज में कपडा कारोबारी की गोली मारकर हत्या करने वाले मैदा कारोबारी के खिलाफ 20 दिन में लगेगी चार्जशीट, लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को पत्र भेजा गया है।
आगरा में (सात दिसंबर 2019) की रात 10 बजे आगरा के दुर्गा एन्क्लेव, बल्केश्वर निवासी कपडा कारोबारी राहुल अग्रवाल (32) अपने सुभाष बाजार में साडियों के शोरूम को बंद कर एक्टिवा से घर लौट रहे थे। वाटर वक्र्स चौराहे पर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्या करने के आरोप में कमला नगर निवासी मैदा कारोबारी राजीव अग्रवाल को अरेस्ट किया है।
एसएसपी बबलू कुमार का मीडिया से कहना है कि न्यू आगरा थाने से लाइसेंस निरस्तीकरण रिपोर्ट आ गई है। उसे जिलाधिकारी को भेजा जा रहा है। उसने पिस्टल का लाइसेंस वर्ष 2014 में लिया था।वहीं दूसरी तरफ हरीपर्वत पुलिस को बीस दिन में चार्जशीट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही पुलिस
राजीव अग्रवाल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कपडा कारोबारी राहुल अग्रवाल पर गोली चलाई थी। पोस्टमार्टम के दौरान बुलट राहुल की बॉडी के अंदर से रिकवर हुई है। रिवाल्वर और बुलट दोनों बैलिस्टिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। यही साक्ष्य हत्यारोपी के गले का फंदा बन जाएगा। कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। मोबाइल लोकेशन है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि साक्ष्य इतने मजबूत होने चाहिए की आरोपित को सजा दिलाई जा सके।