आगरालीक्स.. आगरा के कारोबारी एडवांस इनकम टैक्स 15 दिसंबर तक जमा करा सकते हैं।
शुक्रवार को आयकर विभाग के संजय प्लेस स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में संयुक्त आयकर आयुक्त ज्योत्सना देवी ने कहा कि एक्शन प्लान के अनुसार कर संग्रह कम हुआ है। यह स्थिति चिंताजनक है। व्यापारियों से अनुरोध किया गया कि वे स्वयं समय से टैक्स जमा कर दें, साथ ही अपने व्यापार मंडल के सहयोगी सदस्यों को भी समय से टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करें।

तीसरी किश्त होगी जमा
15 दिसंबर तक तीसरी किश्त जमा होगी जिन आयकरदाताओं को पूरे साल की टैक्स देयता दस हजार रुपये या अधिक होने का अनुमान है तो उनको अग्रिम कर देना होता है। यह सभी करदाताओं पर लागू होगा चाहे वो वेतनभोगी हों, कारोबारी हों, स्वतंत्र रूप से काम करते हों। इसकी तीसरी किश्त 15 दिसंबर तक देय है। इसमें करदाता को अपने देय टैक्स का 75 फीसदी आयकर विभाग के समक्ष जमा करना होगा। अग्रिम कर चार किश्तों में जमा होगा। पहली किश्त 15 फीसदी की 15 जून तक, दूसरी किश्त 45 फीसदी 15 सितंबर तक, तीसरी किश्त 75 फीसदी 15 दिसंबर तक और चौथी किश्त में सौ फीसदी टैक्स 15 मार्च तक देय होगा।