आगरालीक्स …आगरा निवासी पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्या ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा फेसबुक पर दिए संदेश की सराहना की, इस पर सपाईयों ने उन पर अशोभनीय टिप्पणी कर दी, मुकदमा दर्ज।
आगरा के दयालबाग के मंगलमशिला, सपा सरकार में राज्य महिला आयोग की सदस्या रहीं डॉ. रोली तिवारी मिश्रा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाए हैं कि पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा अपने फेसबुक पेज पर एक संदेश दिया था। उन्होंने उस संदेश की सराहना की। उनके सराहना करते ही उन्हें मेंशन करते हुए कुछ लोगों ने अशोभनीय टिप्पणी करना शुरू कर दिया। टिप्पणी करने वालों के प्रोफाइल के आगे समाजवादी पार्टी, अखिलेश वादी और यादव लिखा हुआ था। इसमें सपा से गोरखपुर की जिलापंचायत अध्यक्ष के पति मनुरंजन यादव भी शामिल थे। जैसे ही यह प्रकरण सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मनुरंजन यादव ने अपने कमेंट डिलीट कर दिए। लेकिन तब तक स्क्रीन शॉट ले लिए थे। डॉ. रोली तिवारी मिश्रा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर सभी वरिष्ठ नेताओं को पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया था। इस संबंध में मनुरंजन यादव के खिलाफ पार्टी स्तर से भी कार्रवाई हुई है। उनकी तहरीर पर आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर न्यू आगरा उमेश चंद्र त्रिपाठी का मीडिया से कहना है कि मुकदमे में मनुरंजन यादव, नीरज यादव, उमाशंकर यादव, अमरेश यादव, सिकंदर यादव, सिक्कू आजमगढ़ आदि नामजद हैं। पीड़िता ने सभी आरोपियों द्वार किए गए कमेंट के स्क्रीन शॉट साक्ष्य के रूप में दिए हैं। जांच कराई जा रही है।